नप कर्मी दूसरे दिन भी हड़ताल पर, शहर की सड़कों पर फैला 40 टन कूड़ा
जागरण संवाददाता भिवानी नगर परिषद कर्मचारियों व प्रदेश सरकार के बीच मांगें मंजूर न किए
जागरण संवाददाता, भिवानी : नगर परिषद कर्मचारियों व प्रदेश सरकार के बीच मांगें मंजूर न किए जाने को लेकर खिचतान बढ़ गई है। प्रदेश सरकार की वार्ता का प्रस्ताव कर्मचारी यूनियन द्वारा ठुकरा दिया गया है। मंगलवार से नगर परिषद कर्मचारियों द्वारा हड़ताल पर चले जाने से शहर में कूड़े के ढेर लग गए हैं। बुधवार को भी कर्मचारी हड़ताल पर होने से सफाई का कार्य ठप रहा। शहर में दो दिन से करीब 40 टन कूड़ा जमा हो गया है। रोजाना 20 टन कूड़े का उठान होता था, लेकिन दो दिन से कूड़े का उठान नहीं हो पा रहा हैं।
नगर परिषद कर्मचारी यूनियन शाखा प्रधान विजय कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को नप कार्यालय के बाहर हड़ताली कर्मचारियों ने धरना दिया। यूनियन नेता विजय कुमार व पुरुषोत्तम ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों की लगातार अनदेखी कर रही है। कर्मचारियों ने अनेक बार धरने प्रदर्शन किए। सरकार द्वारा समझौता किए जाने के बाद भी उसे लागू नहीं किया जा रहा। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार ने उनकी मांगें मंजूर नहीं की तो यह तीन दिन की हड़ताल अनिश्चितकालीन में बदल जाएगी।
------------
273 कर्मचारियों पर है सफाई का जिम्मा
भिवानी शहर में 20 टन कचरा निकलता है, जिसका उठान कार्य नगर परिषद् के 273 कर्मचारियों के जिम्मे है। इस कचरे का उठाने के लिए 8 छोटे टैंपों व 10 टैक्टर-ट्राली की व्यवस्था की गई है। मगर कर्मचारी हड़ताल पर होने के कारण 2 दिन से कचरा उठान व सफाई का कार्य पूरी तरह से ठप पड़ गया है।