सुंदर कांड से दूर होती हैं मानसिक पीड़ाएं : गौरव
जागरण संवाददाता चरखी दादरी गांधीनगर कालोनी में भागवत धर्म प्रचार सेवा परिवार महिला मंडल
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी: गांधीनगर कालोनी में भागवत धर्म प्रचार सेवा परिवार महिला मंडल द्वारा दिव्य सामूहिक सुंदरकांड का भव्य आयोजन किया गया। सुंदरकांड का वाचन आचार्य गौरव दीक्षित राधे-राधे के मुखारविद से हुआ।
कार्यक्रम के दौरान आचार्य गौरव दीक्षित ने गणपति महाराज एवं समस्त देवी-देवताओं का अर्चन वंदन करवाया। तत्पश्चात भागवत धर्म प्रचार सेवा परिवार महिला मंडल एवं रामकुमार, शिवकुमार चिमनी व सतीश बंसल द्वारा बालाजी महाराज के चरणों में दीप प्रज्ज्वलित कर सुंदरकांड का प्रारंभ हुआ। धार्मिक आयोजन के दौरान आचार्य गौरव दीक्षित राधे-राधे महाराज ने सुंदरकांड की व्याख्या करते हुए कहा कि मन, कर्म, वचन से श्री हनुमान के चरणों में समर्पित होते हुए श्रद्धा एवं विश्वास के साथ यदि दिव्य सुंदरकांड का पाठ किया जाए तो शीघ्र ही जीवन की कायिक, वाचिक एवं मानसिक पीड़ा को दूर किया जा सकता है।
आचार्य ने इस पाठ के प्रभाव को बताते हुए कहा यदि कोई व्यक्ति सर्व सुख की कामना से सुंदरकांड की शरण में आता है तो निश्चित रूप से उसकी समस्त कामनाएं पूर्ण हुआ करती हैं। यदि बालक के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सुंदरकांड पाठ कराया जाए तो बालक के जीवन में बल, बुद्धि एवं विद्या का प्रादुर्भाव होता है। वैवाहिक जीवन की वर्षगांठ पर यदि दिव्य सुंदरकांड का पाठ कराया जाए तो दंपति में कभी भी कलह उत्पन्न नहीं होती। इस अवसर पर कमलेश गहलोत, पंडित विपुल, पार्षद महेश गुप्ता, कपिल अग्रवाल, अमित कंसल, रवि, बाला, शशि बंसल, शारदा बंसल, रजनी कंसल, मनीषा, मुन्नी बंसल, उमा बंसल, सुमन, अनिता, मूर्ति, कांता, मुन्नी देवी इत्यादि उपस्थित थे।