मेरे और किरण चौधरी में नहीं है कोई मनमुटाव : सतपाल सांगवान
पूर्व मंत्री व कांग्रेसी नेता सतपाल सांगवान द्वारा श्रुति चौधरी को समर्थन की चर्चाओं पर विराम
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : पूर्व मंत्री व कांग्रेसी नेता सतपाल सांगवान द्वारा श्रुति चौधरी को समर्थन देने को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर उस समय विराम लग गया। जब सांगवान द्वारा आयोजित कार्यकर्ता बैठक में खुद किरण चौधरी पहुंच गई। कार्यकर्ता बैठक में दोनों नेताओं ने स्व. बंसीलाल के नाम पर श्रुति चौधरी को समर्थन देने की अपील की।
सम्मेलन में किरण चौधरी ने कहा कि भाजपा ने अपने स्वार्थ के लिए हरियाणा जलाकर आपसी भाईचारे को खराब किया है। किरण चौधरी ने कहा कि वह इलाके की चौधर बनाए रखने के लिए राजनीति में हैं। पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान ने कहा कि वे स्व. बंसीलाल के साथ रहे हैं। अब उनकी पौत्री चुनावी मैदान में हैं तो वे पीछे कैसे रह सकते है।
सांगवान ने साफ किया कि विरोधियों द्वारा किरण चौधरी के साथ उनके मनमुटाव की बातें कही जा रही है। लेकिन उनके बीच कोई मनमुटाव नहीं है। इस दौरान पूर्व गृह मंत्री सुभाष बतरा, पूर्व सीपीएस रामकिशन फौजी भी उपस्थित थे।
बाक्स :
पिछले चुनाव में भी पहुंची थी किरण
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 में भी श्रुति चौधरी भिवानी-महेंद्रगढ़ क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी थी। उस समय भी चुनाव से ठीक पहले होली के अवसर पर किरण चौधरी सतपाल सांगवान के आवास पर आई थी। भले ही किरण चौधरी द्वारा उस बैठक को होली पर्व से जोड़ते हुए अनौपचारिक बताया था। लेकिन श्रुति की जीत के लिए वे गंभीरता से प्रयासरत थी। इसी प्रकार का नजारा रविवार को भी यहां देखने को मिला।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप