गठबंधन सरकार की उदासीन नीतियों से भ्रष्टाचार को मिल रहा बढ़ावा : सांसद सुशील
केंद्र सरकार ने लोकसभा व राज्य सभा सदस्यों से सलाह मशवरा किए बिना क
संवाद सहयोगी, बाढड़ा : केंद्र सरकार ने लोकसभा व राज्य सभा सदस्यों से सलाह मशवरा किए बिना कृषि क्षेत्र में तीन नए काले कानून थोप कर अलोकतांत्रिक निर्णय लिया है। आम आदमी पार्टी इसके विरोध में संसद भवन परिसर में धरना प्रदर्शन करने के बाद अब गांव-गांव जाकर सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करेगी। सरकार को तीनों कानून रद्द करने पर मजबूर किया जाएगा।
यह बात आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य सुशील गुप्ता ने बाढड़ा कस्बे के मुख्य क्रांतिकारी चौक पर व्यापारियों, गांव बरसाना, डालावास, सिरसली, निमड़ बडेसरा में ग्रामीण जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार की उदासीन नीतियों से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। जिसके विरोध में वे प्रदेश के गृहमंत्री व पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा में भाजपा, पंजाब में कांग्रेस की सरकारों में जमकर भाई-भतीजावाद व भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। केन्द्र सरकार की जीएसटी, नोटबंदी के तुगलकी फैसलों से देश में बेरोजगारी, भूखमरी के आंकड़ों में तेजी से वृद्धि हो रही है। बड़े-बड़े पूंजीपति देश की जनता के धन को डकार गए लेकिन सरकार गरीब, किसान, मजदूर पर वसूली का दबाव बढ़ाकर उनको आत्महत्या के लिए मजबूर कर रही है। आप ने पंजाब के किसानों की लड़ाई लड़ी और अब उत्तरी भारत के किसान व नौजवान के हितों के लिए संघर्ष किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश का किसान बर्बादी के कगार पर खड़ा है। तीनों अध्यादेश लागू करके किसानों को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। आम आदमी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों के मामले में बढ़ चढ़कर काम कर रही है। आप सांसद सुशील गुप्ता को क्षेत्र के मौजिज ग्रामीणों ने मांगपत्र सौंप कर एक पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। ग्रामीण दौरों में आप किसान सैल के प्रदेश प्रभारी गजेन्द्र सिंह, मध्य जोन के संयोजक राकेश चांदवास, प्रदेश संगठन मंत्री सुरेन्द्र भांभु, किसान सैल प्रदेशाध्यक्ष निरंजन राम गुर्जर इत्यादि मौजूद रहे।