महिला टीचर के साथ पति व सास ने की मारपीट
कोंट रोड शांति नगर निवासी एक महिला टीचर ने आरोप लगाया कि उसके पति व सास ने उसकी डंडों से बेरहमी से पिटाई की। महिला का आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घायल महिला को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
जागरण संवाददाता, भिवानी : कोंट रोड शांति नगर निवासी एक महिला टीचर ने आरोप लगाया कि उसके पति व सास ने उसकी डंडों से बेरहमी से पिटाई की। महिला का आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घायल महिला को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। औद्योगिक थाना पुलिस ने उसके पति व सास के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कोंट रोड गली नंबर-6 शांति नगर निवासी सुदेश रानी ने पुलिस को बताया कि वह सरकारी स्कूल में टीचर है। उसने बताया कि उसकी एक तीन साल की बेटी जागृति है। सुदेश ने बताया कि उसका पति प्रवीन दोपहर के समय बाहर से घर आया। आते ही उसने घर का बिजली कनेक्शन काटने की बात कही। जिसे लेकर विवाद हो गया। उसने इस बात को लेकर डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इतना नहीं सास ने भी उसे डंडों से पीटा। मौके पर पहुंचे महिला के भाई जींद निवासी सुखवीर ने उसे बचाया। उसकी भाई ने उसे सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया। पुलिस ने उसके बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपितों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
महिला से मारपीट के आरोप में पति गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, भिवानी : औद्योगिक थाना पुलिस ने एक महिला के साथ मारपीट किए जाने के मामले में उसके पति को गिरफ्तार किया है। थाना औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाली एक महिला ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी। महिला ने बताया कि उसके पति व अन्य ने उसके साथ मारपीट की व जान से मारने की धमकी देकर उसे घर से निकाल दिया। इस शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया था। सहायक उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने इस मामले में महिला के पति मंदीप को गिरफ्तार किया है।
विवाहिता ने पति व ससुरालियों पर लगाया मारीपीट का आरोप
संवाद सहयोगी, लोहारू : गांव झांझड़ा श्योराण निवासी एक महिला के साथ उसके पति व सास सहित ससुराल के सदस्यों ने बुरी तरह से मारपीट की। पुलिस ने उसके बयान पर पति सहित ससुराल पक्ष के पांच सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव झांझड़ा श्योराण निवासी मोनिका ने बताया कि उसके पिता ने उसकी शादी 22 नवंबर 2015 को राजस्थान के झुंझुनू जिले के गांव गोकल का बास निवासी भवानी शंकर के साथ की थी, लेकिन शादी के कुछ दिनों बाद से ही दहेज के नाम पर उसे परेशान किया जाने लगा। कुछ दिनों की मामूली बात मानकर वह प्रताड़ना को झेलती रही। धीरे-धीरे मारपीट और परेशान करने का दौर बढ़ता चला गया। कई बार मौजिज लोगों व पंचायतों के बीच माफी मांगते हुए आरोपितों ने आगे से परेशान न करने की बात कहकर समझौते किए। 11 जनवरी 2017 को आरोपितों ने उसे बुरी तरह मारपीट कर घर से निकाल दिया। वह अपने पीहर में ही रह रही है। इस बारे में पीड़िता ने महिला पुलिस को शिकायत दी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पति भवानी शंकर, ससुर रूपचंद, सास सुमित्रा, जेठ नरेश, ननद मोनिका के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरु कर दी।