तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने तीन को मारी टक्कर, एक गंभीर, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
दादरी के महेंद्रगढ़ बाईपास के समीप एक तेज रफ्तार अनियंत्रित
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : दादरी के महेंद्रगढ़ बाईपास के समीप एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए पानीपत के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पूरी वारदात वहां स्थित एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार पानीपत जिले के गांव बरसत निवासी करीब 60 वर्षीय काका सिंह पिछले काफी समय से दादरी के महेंद्रगढ़ बाईपास के समीप एक कमरे में किराये पर रहता है। वह अपने परिवार के साथ दादरी में लोहे के बर्तन बेचने का काम करता है। शनिवार दोपहर बाद करीब सवा 4 बजे काका सिंह महेंद्रगढ़ बाईपास के समीप मौजूद था। उसी समय एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली दादरी के लोहारू चौक की तरफ से चिड़िया मोड़ की तरफ मुड़ी। लेकिन ट्रैक्टर की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर संतुलन खो बैठा। जिसके चलते ट्रैक्टर पहले तो सड़क पर बने डिवाइडर पर चढ़ गया। डिवाइडर पर चढ़ने के बाद ट्रैक्टर ने सड़क के साइड में खड़े काका सिंह को अपनी चपेट में ले लिया। काका सिंह करीब 10 मीटर तक ट्रैक्टर के अगले हिस्से में उलझा रहा। उसी दौरान वहां मौजूद ट्रक कमानी के मिस्त्री गांव खोरड़ा निवासी करीब 50 वर्षीय ओमप्रकाश को भी उक्त ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। इनके अलावा वहीं पर स्थित एक स्पेयर पार्ट्स की दुकान पर सामान लेने आया एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया।
शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को संभाला। हादसे में काका सिंह गंभीर रुप से घायल हो गया तथा ओमप्रकाश को भी चोटें लगी। जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने काका सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया। वहां से स्वजन उसे पानीपत के सरकारी अस्पताल में ले गए। दादरी सिटी थाना प्रभारी तेलू राम ने बताया कि हादसे में घायल गांव खोरड़ा निवासी ओमप्रकाश के बयान के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।