देवीलाल के जीवन से प्रेरणा ले बनीं नीतियां : दुष्यंत
जागरण संवाददाता भिवानी भूतपूर्व उपप्रधानमंत्री चौ. देवीलाल की 107वीं जयंती पर शुक्रवार को चौ.
जागरण संवाददाता, भिवानी: भूतपूर्व उपप्रधानमंत्री चौ. देवीलाल की 107वीं जयंती पर शुक्रवार को चौ. देवीलाल सदन में रक्तदान शिविर लगाया। इसमें 107 यूनिट रक्तदान की गई। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित किया।
उपमुख्यमंत्री चौटाला ने कहा कि चौ. देवीलाल की जयंती पर प्रदेशभर में गांवों में पंचायत और शहरों में वार्ड स्तर पर पौधारोपण और जिला स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित किए। इसके साथ ही चौ. देवीलाल की प्रतिमाओं के पास हवन-यज्ञ किया गया। उन्होंने कहा कि चौ. देवीलाल की नीतियां ना केवल प्रदेश, बल्कि पूरे देश में उनसे प्रेरणा ली जाती है और उनके आधार पर जनहित की नीतियां भी बनी हैं। उन्होंने कहा कि चौ. देवीलाल ने बुजुर्गो को पेंशन जैसी बड़ी सौगात दी, जिसके चलते आज बुजुर्ग सम्मान के साथ अपना जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में सबसे पहले चौ. देवीलाल ने ही बुजुर्गो की 100 रुपये प्रति माह की पेंशन योजना शुरू की थी। इसी प्रकार से किसानों का दस हजार रुपये तक का कर्जा माफ किया था। कृषि क्षेत्र की आवश्यकता अनुसार नहरी पानी उपलब्ध कराया। प्रत्येक गांव में सड़कों को जाल बिछाया और हर सड़क को शहरों के साथ जोड़ा गया, उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में चौ. देवीलाल जयंती के मौके पर रक्तदान कैंप, गांव स्तर पर त्रिवेणी लगाने का कार्य कर चौ. देवीलाल को याद किया गया है। चौटाला ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी पार्टी की रीढ़ होते हैं और कार्यकर्ताओं की बदौलत ही आज वे सरकार में भागीदार हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता को यदि कोई समस्या है तो वे उन्हें बता सकते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी।
इस मौके पर प्रदेश संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, जिला प्रधान विजय गोठड़ा, पूर्व विधायक डा. शिव शंकर भारद्वाज, पार्षद ईश्वर मान, रामफल फौजी, जगदीश धनाना, जितेंद्र शर्मा, महेंद्र गोकलपुरा, रविद्र पटौदी, वाइस चेयरमैन मामन प्रजापति, राजेश भारद्वाज और अलका आर्य मौजूद रहे।