विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पति सहित तीन पर केस
जागरण संवाददाता, भिवानी : पतराम गेट निवासी एक विवाहित महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने
जागरण संवाददाता, भिवानी : पतराम गेट निवासी एक विवाहित महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने दहेज की मांग पूरी न किए जाने पर उसे बेरहमी से मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसने मायके आकर अपने परिजनों को बताया। घटना की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी के आदेश पर शहर थाना पुलिस ने उसके पति सहित ससुराल पक्ष के तीन सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस द्वारा आरोपितों की तलाश की जा रही है।
पतराम गेट बाबा कान्हादास गली निवासी पवन ने अपनी बेटी प्रीति का विवाह 13 दिसंबर 2016 को हिसार के अर्बन एस्टेट निवासी दीपक के साथ की। प्रीति का कहना है कि उसके पिता ने अपनी हैसियत से ज्यादा शादी में करीब 25 लाख रुपये खर्च किए। शादी में काफी दान-दहेज दिया, लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ही उसके पति, सास व ननद ने अपनी-अपनी मांग करनी शुरू कर दी। पति रोजाना शराब पीकर आने लगा और परिवार के लोगों के उकसाने पर उसे बेरहमी से पीटने लगा। दहेज मांग पूरी ना किए जाने पर उसे गंदी गालियां दी जाती है। परिजनों के समझाने के बाद भी वह नही माना। शादी के बाद गर्भवती होने पर उसके पति ने गर्भपात करवाने का दबाव बनाया। यहां तक की सास भी गर्भपात करवाने पर अड़ी रही। बाद में उसे मायके भेज दिया गया। भिवानी में प्राइवेट अस्पताल में लड़के को जन्म दिया। यहां अस्पताल का खर्च देने से इंकार कर दिया। बाद में ससुराल गई तो वहां भी प्रताड़ित करना जारी रखा। उसे मारपीट कर बच्चे सहित घर से निकाल दिया। यहां आने पर उसने मामले की शिकायत एसपी से करते हुए न्याय की गुहार लगाई। शहर थाना पुलिस ने प्रीति के बयान पर उसके पति दीपक, सास सरिता व ननद दीपिका के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस द्वारा आरोपितों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।