सर्व कर्मचारी संघ की जिला कार्यकारिणी की बैठक में गरजे कर्मचारी
कर्मचारी नेताओं ने मांग की कि मार्केट कमेटी सचिव के साथ मारपीट करने वाली भाजपा नेत्री सोनाली फौगाट को जल्द से जल्द गिरफ़्तार कर न्याय प्रदान किया जाए।
जागरण संवाददाता, भिवानी : सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा सम्बद्ध अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर महम रोड स्थित संघ कार्यालय में जिला कार्यकारिणी की बैठक कर्मचारी हकों को लेकर गरजे। वक्ताओं ने बैठक में सरकार को चेताया कि कर्मचारी विरोधी नीतियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। बैठक की अध्यक्षता प्रधान मा. सुखदर्शन सरोहा ने की। जिला कार्यकारिणी की बैठक में सभी पदाधिकारियों ने शिकरत की। बैठक का संचालन सचिव सूरजभान जटासरा ने किया और एजेंडा प्रस्तुत किया।
मुख्य वक्ता के तौर पर सकसं राज्य ऑडिटर सुभाष कौशिक, हरियाणा पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन राज्य अध्यक्ष भरत सिंह खटाणा ने कहा कि भाजपा सरकार सरकारी विभागों को उजाड़ने पर तुली है। कर्मचारी विरोधी नीति ला कर कर्मचारियों को परेशान किया जा रहा है। शिक्षा विभाग में कार्यरत 1983 पीटीआई शिक्षकों को नौकरी से निकाल दिया है। सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग पर कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को हटाने के फरमान प्रतिदिन जारी किए जा रहे हैं।
भाजपा नेता खुलेआम सरकारी कर्मचारी, अधिकारियों के साथ मारपीट कर रहे हैं तथा किसी प्रकार की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। स्वास्थ्य विभाग में काम करने वाले कोरोना योद्धा ठेका कर्मी लगातार आंदोलनरत हैं। बिजली व परिवहन विभाग का निजीकरण करने में सरकार जुटी हुई है। जनता की सेवा के लिए परिवहन विभाग में भी अपने चहेतों को प्राईवेट बसों के परमिट खुलेआम दिये जा रहे हैं।
मा. सुखदर्शन सरोहा ने कहा कि सरकार हटाए गए सभी कर्मचारियों को वापस सेवा में लेकर सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए तथा मार्केट कमेटी सचिव के साथ मारपीट करने वाली भाजपा नेत्री सोनाली फौगाट को जल्द से जल्द गिरफ़्तार कर न्याय प्रदान किया जाए। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर आगामी 3 जुलाई को राष्ट्रीय स्तर पर कर्मचारी विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर नरेंद्र दिनोद, राजेश शर्मा, संजय सिंह, सुशील, औम प्रकाश शेखावत, सरोज शास्त्री, राजेश लाम्बा, अनिल नागर, दलबीर सिंह, सहदेव सिंह, संदीप सांगवान, राकेश मलिक, सुरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।