ऑर्बिट इंफोटेक सोसायटी ने नवचयनित एचसीएस को किया सम्मानित
ागरण संवाददाता भिवानी नव चयनित एचसीएस अधिकारियों के सम्मान में बया पर्यटन केंद्र में हुए स
ागरण संवाददाता, भिवानी :
नव चयनित एचसीएस अधिकारियों के सम्मान में बया पर्यटन केंद्र में हुए सम्मान समारोह में चार एचसीएस को सम्मानित किया गया। इस दौरान नवचयिनत एचसीएस ने अपने अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम का शुभारंभ सभी चयनित अधिकारियों द्वारा बाबा साहेब डॉ.भीम राव अंबेडकर व महात्मा बुद्ध के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह में सभी चयनित अधिकारियों के परिजनों को भी शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ऑर्बिट इंफोटेक सोसायटी द्वारा किया गया।
समारोह के दौरान नव चयनित एचसीएस अधिकारी गांव बापोड़ा निवासी दीपक सभ्रवाल ने कहा कि बचपन से उनके सिर से पिता का साया उठ गया था। लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी और निरंतर कड़ी मेहनत से आगे बढ़ते रहे। जीवन में आगे बढ़ने के लिए अपनी सोच को बड़ा रखना जरूरी है। जीवन में असफलता से निराश नहीं होना चाहिए। असफलता हमारे लिए शिक्षक की तरह होती हैं। उनकी मां व चाचा ने उनको हमेशा कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया, जिसकी बदौलत वे आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
इसी प्रकार से सेक्टर 13 निवासी नरेंद्र कुमार ने बताया कि साक्षात्कार से कुछ दिन पहले ही उनके पिता का देहांत हो गया, लेकिन उन्होंने अपने लक्ष्य को ध्यान में रखा। उन्होंने कहा कि हमें जीवन में आने वाली विपरीत परिस्थितियों से पार पाना चाहिए। जीवन में आने वाली बाधाओं से घबराकर अपने लक्ष्य से भटकना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि हमेशा आशावादी होना चाहिए। उम्मीद के साथ मेहनत करने से सफलता जरूर हाथ लगती है।
गांव ढ़ाणी फौगाट निवासी अमन कुमार ने बताया कि उनके नाना-नानी ने हमेशा उनको बड़ा मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य कभी छोटा नहीं चाहिए। जीवन में ऐसा कुछ नहीं, जो कठिन परिश्रम से हासिल नहीं हो सकता हो। माता-पिता को भी अपने बच्चों को बड़ी मेहनत के लिए प्रेरित करना चाहिए।
सेक्टर 13 भिवानी निवासी स्नेह दहिया ने कहा कि बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाना जरूरी है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान तभी सार्थक होता है, जब हम अपने घर में बेटी को उच्च शिक्षित करते हैं। बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर देने जरूरी हैं। उनके माता-पिता ने हमेशा उनको आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बेटियों ने हर ऊंचाई को हासिल कर लिया है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लड़कियों को एचसीएस ही नहीं बल्कि आईएएस का लक्ष्य बनाकर मेहनत करने को कहा।
इस मौके पर सुरेंद्र सभ्रवाल, प्रदीप रंगा, रोहित, राजेश लांग्यान, पवन ग्रोवर, दीपक, होशियार सिंह, सुदर्शन, मदनपाल, हंसराज, टेकचंद, अजय दहिया, महेंद्र लांग्यान, जगदीश मिताथल, सतबीर रतेरा, राजेंद्र जोगपाल, सुभाष काजल, राजेंद्र, सतबीर रंगा, हरीराम, अनीतानाथ, यतेंद्रनाथ, मैनावंती, हितैषी, वैभवी,हिना, कृष्णा व सपना सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे।