खिलाड़ी मनोज के हत्यारों को पकड़ने के लिए पुतला फूंका, नारेबाजी
जागरण संवाददाता भिवानी ढाणा रोड निवासी खिलाड़ी मनोज यादव के हत्यारों की गिरफ्तारी की
जागरण संवाददाता, भिवानी:
ढाणा रोड निवासी खिलाड़ी मनोज यादव के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर जनसंगठनों ने प्रदर्शन किया और दादरी गेट हाउसिग बोर्ड के समीप प्रशासन का पुतला फूंका। इस दौरान गुस्साए परिजनों और दूसरे लोगों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे जनसंगठनों में जनवादी महिला समिति, जन संघर्ष समिति, लेबर क्रांति मोर्चा, महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स एकेडमी आदि शामिल रहे। इसके अलावा ढाणा रोड की अनेक महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल रहे।
दादरी गेट ढाणा रोड गली नंबर तीन लक्ष्मी नगर निवासी खिलाड़ी मनोज यादव पिछले दिनों हत्या कर दी गई थी। उसका शव रोहतक रोड पर झाड़ियों में मिला था। मनोज यादव की पांच बहनों को न्याय दिलाने के लिए विभिन्न संगठनों के लोग लगातार प्रयास कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस आश्वासन तो दे रही हैं अब तक हत्यारों तक नहीं पहुंच पाई है।
जनवादी महिला समिति की जिला सचिव बिमला घनघस और संतोष देशवाल ने कहा कि युवा खिलाड़ी मनोज यादव की हत्या कर दी गई। वह पांच बहनों का अकेला भाई था। माता पिता पहले ही परलोक सिधार चुके हैं। मनोज की हत्या के बाद परिवार गहरे सदमे में है। मनोज के हत्यारे अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस को चाहिए कि जल्द से जल्द हत्यारों का पता कर उनको कड़ी से कड़ी सजा दिलाए। पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए। इस मौके पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस भी तैनात रही। प्रदर्शन में लेबर क्रांति मोर्चा के राजेंद्र तंवर, जन संघर्ष समिति के कामरेड ओमप्रकाश, महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स एकेडमी के सुरेश सैनी के अलावा मृतक मनोज की बहन सीता, गीता ,पूजा, सुमन, मनीषा ,बहनोई रामानंद ,राजेश ,ताऊ राम सिंह महिला नेत्री सरोज श्योराण, सरोज, लाली, आशा, विद्या, संतरा, मूर्ति, रिसालो, तारों, बसंती, संतोष, कौशल्या, सुमित्रा, चंद्रावली और लक्ष्मी शामिल रहे।
आज नेहरू पार्क से कैंडल मार्च
मनोज के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर 19 अक्टूबर को कैंडल मार्च निकाला जाएगा। कैंडल मार्च नेहरू पार्क से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से निकलेगा।