कपास तैयार, चुगाई के लिए नहीं मिल रहे मजदूर
मदन श्योराण ढिगावा मंडी लॉकडाउन और संक्रमण फैलने के डर से अब क्षेत्र में मूंग ग्वार
मदन श्योराण, ढिगावा मंडी:
लॉकडाउन और संक्रमण फैलने के डर से अब क्षेत्र में मूंग, ग्वार और बाजरे की फसलों की कटाई और कपास चुगाई में मुश्किल हो रही है। क्षेत्र में किसानों के खेतों में फसल पूरी तरह पक कर तैयार है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और पंजाब से आने वाले प्रवासी मजदूर इस बार नहीं पहुंचे हैं। ना ही कटाई के लिए मशीन हैं।
खेती करना दिनों दिन मुश्किल हो रहा है। खाद, बीज, दवाओं और डीजल पर महंगाई और प्राकृतिक आपदाओं की मार तो थी ही, लेकिन फसल काटने के लिए सीजन में मजदूरों का संकट भी दिनोंदिन गहराता जा रहा है। ज्यादातर कपास चुगाई के लिए और बाजरा ग्वार कटाई के दौरान किसानों के समक्ष मजदूरों की कमी मुश्किल का कारण बन रही है। क्षेत्र के किसानों ने बताया कि कपास चुगाई और फसल कटाई का रेट बढ़ने के बावजूद फसल काटने के लिए मजदूर नहीं मिल रहे हैं। सुबह-शाम दरवाजा झांकना पड़ रहा है।
किसानों के लिए इस बार कपास की बिजाई बड़े नुकसान की वजह बन रही है। एक ओर कपास के भाव लागत से बहुत कम हैं तो वहीं नरमा चुगाई की मजदूरी बढ़ने से किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है। किसानों के मुताबिक इस साल कपास चुगाई के रेट 1400 से 1500 प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं जबकि पिछले साल चुगाई का भाव 700 से 800 प्रति क्विंटल ही था। इस रेट के अलावा मजदूरों को लाने-ले जाने चाय आदि का खर्च भी काश्तकार को ही वहन करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि मजदूरी बढ़ने के बावजूद मजदूरों की कमी भी महसूस हो रही है और काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।।
किसानों का कहना है कि नरमे के बीज से लेकर स्प्रे खाद के दाम पिछले एक साल में 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़े हैं। किसानों ने जैसे-तैसे बंदोबस्त कर सभी खर्च तो वहन किए लेकिन जींस के भाव बढ़ने के बजाय कम हो रहे हैं। कपास की फसल ने इस साल पूरी तरह धोखा दिया है। प्रति एकड़ उत्पादन तीन-चार क्विंटल हुआ है और भाव लागत से कम हैं। अब मजदूरी में हुई बढ़ोतरी ने खर्च और ज्यादा बढ़ा दिया है। मजदूरी तो दो गुणा तक हो गई है।