दादरी में नहीं थम रही कोरोना की रफ्तार, शुक्रवार को मिले 114 नए मामले, 39 ठीक हुए
जागरण संवाददाता चरखी दादरी दादरी जिले में कोरोना वायरस संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : दादरी जिले में कोरोना वायरस संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। पिछले कुछ दिनों से जिले में हर रोज कोरोना के दर्जनों नए मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को भी जिले में 114 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं 39 मरीजों को ठीक होने पर स्वस्थ घोषित किया गया है। अब जिले में कोरोना के एक्टिव मरीजों का आंकड़ा भी बढ़कर 423 पर पहुंच गया है। गौरतलब है कि दादरी जिले में अभी तक कोरोना वायरस संक्रमण के 5821 मामले मिल चुके हैं। इनमें से 5259 लोग ठीक हो चुके हैं तथा 139 लोगों की मौत हो चुकी है। विभाग द्वारा अभी तक तीन लाख 26 हजार 31 सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से तीन लाख 19 हजार 614 की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। विभाग द्वारा शुक्रवार को 681 लोगों के सैंपल लिए गए। अब 596 सैंपल की रिपोर्ट मिलने का इंतजार है।
44 महिलाएं, 70 पुरूष मिले संक्रमित
शुक्रवार को दादरी जिले में एक वर्षीय दो बच्चे तथा एक 80 वर्षीय महिला भी संक्रमित मिली हैं। जिले में सामने आए 114 मामलों में 36 लोग दादरी शहर तथा 78 लोग जिले के विभिन्न गांवों के रहने वाले हैं। दादरी शहर के 36 मामलों में 13 महिलाएं तथा 23 पुरूष शामिल हैं। इसी प्रकार से गांवों में मिले 78 मामलों में 31 महिलाएं तथा 47 पुरूष शामिल हैं।
2744 को लगाई वैक्सीन
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को कोरोना वायरस की चपेट में आने से बचाने के लिए वैक्सीनेशन अभियान भी चलाया जा रहा है। शुक्रवार को दादरी जिले में 2744 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इनमें 403 लोगों को पहली तथा 2204 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर शुक्रवार को 137 लोगों को प्रीकाशनरी डोज लगाई गई। वहीं 15 से 18 आयुवर्ग के 241 किशोरों का भी टीकाकरण किया गया। बता दें कि अभी तक दादरी जिले में लोगों को वैक्सीन की सात लाख 91 हजार 271 डोज लगाई जा चुकी है। इनमें चार लाख 19 हजार 652 लोगों को पहली तथा तीन लाख 69 हजार 243 लोगों को दोनों डोज लगाई जा चुकी है।