मौसम : जिले में शीतलहर का प्रकोप जारी, जनजीवन प्रभावित
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी का असर दादरी जिले में भी
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी का असर दादरी जिले में भी दिखाई दे रहा है। धूप निकलने के बाद भी मंगलवार को शीतलहर चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शीतलहर के कारण अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान दादरी जिले का अधिकतम तापमान 19 व न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर आसमान में बादल छाने के साथ शीतलहर चलने से मौसम में ठंड का प्रकोप बना रहा। जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। स्थानीय मिष्ठान भंडारों, गज्जक, रेवड़ी इत्यादि की स्टालों पर काफी भीड़ नजर आई लेकिन दूसरे व्यवसायों पर मंदी का असर साफ दिखाई दिया। ठंड चलते जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। मंगलवार दोपहर बाद अचानक सर्दी बढ़ने से दिन में लोगों की कंपकंपी छूट गई। जानकारों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण शीतलहरें चलीं, जिसके कारण तापमान में अचानक गिरावट आई है। बादल छाए रहने से बूंदाबांदी होने की संभावनाएं भी जताई जा रही है।
मौसम में आए बदलाव से जिले के किसानों को फायदा होगा। थोड़ी सी बारिश भी फसल के लिए बहुत कारगर साबित होगी। बारिश हुई तो गेहूं के लिए सोने पर सुहागा होगा। सरसों के लिए भी यह मौसम बेहद अच्छा है। इस समय तक दाना भर जाता है। वहीं बारिश के होने से जिले में पानी की पूर्ति होगी, जिससे फसल को फायदा होगा। किसानों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश भी गेहूं की बढ़वार में फायदेमंद साबित होगी। स्वास्थ्य भी हो रहा खराब
दिनरात शीतलहर के चलने से विभिन्न प्रकार की बीमारियों से प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इनमें हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, श्वास, दमा, अस्थमा से प्रभावित मरीजों को बेहद दिक्कतों से गुजरना पड़ रहा है। इसके अलावा ठंड की चपेट में आने से जुकाम, बुखार, निमोनिया, वायरल इत्यादि के मरीज भी बढ़ी संख्या में स्थानों निजी, सरकारी अस्पतालों में पहुंच रहे हैं।