मौसम में बदलाव, लोहारू-ढिगावा मंडी क्षेत्र में बारिश, तेज हवा चलने से तापमान गिरा
जागरण टीम भिवानी मौसम में मंगलवार दोपहर बाद परिवर्तन हो गया। दिन में लगातार बढ़ रहे ता
जागरण टीम, भिवानी : मौसम में मंगलवार दोपहर बाद परिवर्तन हो गया। दिन में लगातार बढ़ रहे तापमान से गर्मी ज्यादा हो रही थी। तापमान बढ़ने से आम आदमी घर पर रहने को मजबूर था। मगर दोपहर बाद लोहारू, बहल और ढिगावा मंडी सहित आसपास के एरिये में बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं अधिकतम तापमान भी बढ़ने से आम आदमी गर्मी से ज्यादा परेशान था। इसी प्रकार अधिकतम तापमान भी 31.8 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों ने पिछले दिनों दो दिन तक हलकी बूंदाबांदी की संभावना व्यक्त की थी। मौसम में बदलाव के साथ ही लोहारू क्षेत्र में दोपहर बाद हलकी बूंदाबांदी शुरू हुई लेकिन शाम को अचानक तेजी बारिश होने लगी। इसी प्रकार ढिगावा मंडी क्षेत्र में भी तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी जारी रही। काली घटाएं छाने के कारण क्षेत्र में शाम को ही अंधेरा छा गया था। बारिश होने से किसान भी परेशान हो गए है। गेहूं सहित अन्य फसल पकी हुई है। वह उसको कुछ दिनों बाद कटाई पर लेकर आएंगे। लेकिन उससे पहले शुरू हुई बारिश ने उनके लिए परेशानी खड़ी की है। मौसम वैज्ञानिकों ने बुधवार को भी हलकी बूंदाबांदी या बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।
लोहारू से 20 किलोमीटर दूर स्थित राजस्थान के सूरजगढ़ क्षेत्र और पिलानी एरिया में ओले गिरे। इससे किसानों को पता चलने पर वह फसल को संभालने खेतों की तरफ चले गए। किसानों का कहना है कि यदि ओले गिरते है तो उनका काफी नुकसान हो जाएगा। फसल लगभग उनकी पक कर तैयार हो गई है। गेहूं को 20 मार्च के बाद कटाई पर लाया जाता है।