एक बार फिर बदली एचटेट की तारीख, अब 5-6 जनवरी को होगी परीक्षा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा की तिथि में एक बार फिर बदलाव किया है। यह परीक्षा अब अगले साल 5 और 6 जनवरी को होगी।
भिवानी, [बलवान शर्मा]। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने एचटेट (हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा) की तारीखों में तीसरी बार बदलाव किया है। अब एचटेट अगले साल 5 और 6 जनवरी को करवाया जाएगा। शुरूआत में इसे नवंबर में आयोजित किया जाना था, लेकिन बाद में दिसंबर में एचटेट करवाने की तैयारी शुरू की गई। अब फिर से तिथियों में बदलाव कर दिया है। शिक्षा बोर्ड ने एचटेट की तिथियों में बदलाव कर प्रदेश सरकार को भेज दिया है।
शिक्षा बोर्ड ने तीसरी बार किया एचटेट की तिथियों में बदलाव
शिक्षा बोर्ड ने 22 व 23 दिसंबर और 30 व 31 दिसंबर को एचटेट करवाना प्रस्तावित किया हुआ था। इसी बीच हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की भर्ती परीक्षाएं होनी हैं। इस कारण शिक्षा बोर्ड ने एचटेट के लिए नई तिथियां प्रस्तावित कर दी हैं। इससे पहले शिक्षा बोर्ड ने विभाग को नवंबर माह में एचटेट करवाने के लिए लिखा हुआ था, लेकिन माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से काफी देरी से अनुमति दी गई।
एचटेट करवाने के लिए कम से कम 3 महीने का समय जरूरी है। मगर जब अनुमति दी गई, तब डेढ़ माह ही शेष बचा था। इसी कारण बोर्ड प्रशासन ने दिसंबर में एचटेट करवाने के लिए विभाग को लिखा था। शिक्षा बोर्ड ने एचटेट से संबंधित कार्यो के टेंडर मांगने शुरू कर दिए हैं, ताकि तारीख फाइनल होते ही परीक्षा करवाई जा सके।
भर्तियों की वजह से किया तिथियों में बदलाव : चेयरमैन
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. जगबीर सिंह ने कहा कि दिसंबर में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की भर्ती परीक्षाएं होनी हैं। इस वजह से एचटेट की तारीखों में बदलाव किया गया है।