एक्सईएन के आश्वासन के बाद धरना समाप्त
हटाए गए कर्मचारियों को वापस लगाए जाने एवं अधिकारियों के खिलाफ क
जागरण संवाददाता, भिवानी : हटाए गए कर्मचारियों को वापस लगाए जाने एवं अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर गत आठ दिनों से स्थानीय महम रोड स्थित सिचाई विभाग में हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्ज के बैनर तले जारी कर्मचारियों का धरना बुधवार को एक्सईएन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। एक्सईएन ने हटाए गए कर्मचारियों को वापस ड्यूटी पर बुलाने और अन्य मांगों को भी जल्द पूरा किए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी अन्य लंबित मांगें भी पूरी नहीं हुई तो वे फिर से संघर्ष की राह अपनाएंगे।
सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सुखदर्शन सरोहा ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार कर्मचारियों के हकों का हनन कर रही है, जिसके बाद कर्मचारी को अपने हकों को पाने के लिए संघर्ष की राह अपनानी पड़ती है। सरोहा ने कहा कि पार्ट टाइम पर लगे कर्मचारियों को बिना किसी सरकारी आदेश के हटाना कर्मचारियों के रोजगार को खत्म कर उन्हें भूखा मारने के समान है, जिसके विरोध में कर्मचारी पिछले आठ दिनों से धरनारत थे। एक्सईएन के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया तथा साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी लंबित मांगें पूरी नहीं हुई तो मजबूरन उन्हें फिर से आंदोलन की राह अपनानी पड़ेगी।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान महेंद्र सिंह बडाला, पुरुषोत्तम गौड़, चन्द्रभान सरोहा, सूरजभान जटासरा, सुशील सैनी, नरेंद्र दलाल, नीरज गौरी, बलराज ओला, आदि मौजूद रहे।