यूपीपीएससी में बौंद कलां की साक्षी का 43वां स्थान
संवाद सूत्र बौंद कलां कस्बा बौंद कलां निवासी साक्षी शर्मा ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग यूपीप
संवाद सूत्र, बौंद कलां : कस्बा बौंद कलां निवासी साक्षी शर्मा ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, यूपीपीएससी परीक्षा में 43वां स्थान प्राप्त किया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने शुक्रवार को पीसीएस 2018 का परिणाम जारी किया। साक्षी के पिता लेक्चरर देवेंद्र शर्मा ने बताया कि उसने बाल्यकाल में अधिकारी बनकर जनसेवा का लक्ष्य निर्धारित किया था। साक्षी ने प्रतिदिन करीब 14 घंटों तक पढ़ाई की व प्रदेशभर में छठां स्थान प्राप्त किया। इससे पहले एचसीएस व संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा दी थी, मगर कुछ अंकों से चयन नहीं हुआ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा में पहली बार ही साक्षी ने 43वां स्थान हासिल किया है। देवेंद्र शर्मा ने बताया कि साक्षी ने आदर्श सीनियर सैकेंडरी स्कूल में 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की। इसके बाद दिल्ली से बीएससी तक पढ़ाई की। साक्षी के पिता सरकारी स्कूल में लेक्चरर हैं तो मां राजबाला गृहणी हैं। स्वजनों के सहयोग व गुरुजनों के मार्गदर्शन से साक्षी ने कामयाबी मिली। साक्षी शर्मा ने बताया कि अगर लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई की जाए तो हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। आज लड़कियों को घर से बाहर निकलकर खुद का भविष्य बनाना होगा। इस उपलब्धि पर जिला पार्षद महेंद्र सोनी, खंड शिक्षा अधिकारी कुलदीप फौगाट, प्राचार्य राकेश भारद्वाज, लेक्चरर कवंरपाल, सुशील बंसल, राजेश पूर्व पंच, कमला सोनी, बूटा राम, शिव नरेश नंबरदार इत्यादि ने साक्षी व स्वजनों को बधाई दी।