दो दिनों में गिरा 12 डिग्री तापमान, गर्मी से मिली राहत
पिछले दो दिनों के दौरान मौसम में आए बदलाव का असर शनिवार क
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : पिछले दो दिनों के दौरान मौसम में आए बदलाव का असर शनिवार को दादरी जिले में सामान्य जनजीवन पर दिखाई दिया। पिछले दो दिनों के दौरान वर्षा के कारण अधिकतम तापमान में 12 व न्यूनतम में 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। पिछले 24 घंटों के दौरान दादरी जिले में अधिकतम तापमान 34 व न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दो रोज पहले बुधवार तक गर्मी की प्रचंडता के चलते अधिकतम तापमान 46 व न्यूनतम 31 डिग्री तक पहुंच गया था।
बदले मौसम के चलते आम लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। वहीं गर्मी कम होने, तापमान गिरने से दादरी नगर के बाजारों में शनिवार को खासी रौनक दिखाई दी। सुबह 10 बजे से सायं 4 बजे तक लॉकडाउन के निर्धारित समय में बाजारों में ग्राहकों की भीड़, छोटे-बड़े वाहनों के भारी संख्या में आवागमन के कारण कई स्थानों पर मेले जैसे नजारे दिखाई दे रहे थे। मौसम के जानकारों का कहना है कि अगले चार-पांच दिनों में पुन: तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा। इस दौरान जिले में एक दो बार हल्की वर्षा भी हो सकती है। जून के तीसरे सप्ताह तक गर्मी, उमस का प्रकोप बना रह सकता है। इसके बाद प्री मानसून व फिर मानसून की वर्षा शुरू होने के बाद मौसम में बदलाव आता जाएगा।
शनिवार को दादरी नगर के बाजारों में बिजली की दुकानों पर सिलिग फैन, कूलर इत्यादि की अधिक बिक्री होती नजर आई। वहीं तापमान में गिरावट के बावजूद बाजारों में शीतल पेयजल पदार्थो, कोल्ड ड्रिक्स, आइसक्रीम, कुल्फा, मैंगो शेक, लस्सी, मिल्क शेक, फलों व गन्ने के जूस इत्यादि की मांग बनी रही। मौसम से बचाव जरूरी : डा. बैनीवाल
रिटायर्ड सीएमओ व दादरी नगर के चिकित्सक डा. एचएल बैनीवाल के मुताबिक तापमान में उतार चढ़ाव, मौसम में आ रहे बदलाव, हवाओं में नमी की मात्रा बढ़ने से इन दिनों संक्रामक, वायरस से जुड़ी सभी प्रकार की बीमारियों का तेजी से प्रसार होता है। इसलिए इनमें बचाव रखना, सफाई, खान-पान के प्रति विशेष ध्यान रखना जरूरी है। इसके अलावा कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए शारीरिक दूरियां बनाए रखना, किसी भी वस्तु को अनावश्यक रूप से स्पर्श न करना, मास्क का अनिवार्य रूप से प्रयोग करना, साबुन से बार-बार हाथ धोना, सैनिटाइजर का इस्तेमाल करना जरूरी है।