लॉकडाउन में समझी बेजुबानों की भूख, ट्रस्ट ने की भोजन की व्यवस्था
लॉकडाउन की वजह से इंसानों के साथ-साथ बेजुबान जानवरों के सामने भी खाने की समस्या आ गई है।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़:
लॉकडाउन की वजह से इंसानों के साथ-साथ बेजुबान जानवरों के सामने भी खाने की समस्या आ गई है। बहादुरगढ़ में काफी बड़ा इंडस्ट्रियल एरिया है जिसकी लगभग सभी फैक्ट्री बंद पड़ी हैं और वहां रहने वाले जीव भूखे मर रहे हैं। ऐसे में गार्डियन ऑफ एंजेल्स ट्रस्ट द्वारा संचालित पीड़ित बेसहारा जीव व पक्षी उपचार केंद्र द्वारा एक मुहिम शुरू की गई है। इस मुहिम के तहत इंडस्ट्रियल एरिया तथा अन्य जगहों पर 300 गोवंश, 300 बंदरों तथा 800 कुत्तों के लिए भोजन की रोजाना व्यवस्था की गई है। ट्रस्ट के पदाधिकारी हरि मंगले ने बताया कि अगर कही भी कोई जानवर भूखा है तो वे उनके मोबाइल नंबर 9992999646 व 9992999647 संपर्क कर सकते हैं ताकि उनके लिए भोजन की व्यवस्था की जा सके। बेसहारा गोवंश के लिए चारे की व्यवस्था ट्रस्ट की ओर से की जा रही है। हरि मंगले ने बताया कि कोरोना की वजह से हुए लॉकडाउन में सबसे ज्यादा प्रभाव बेसहारा जीवों पर पड़ा है। शहर में एक हजार से ज्यादा गोवंश है, जो खाने-पीने की तलाश में सड़कों पर घूमता रहता है। पहले तो आमजन इन बेसहारा गोवंश के लिए चारे व पानी की व्यवस्था कर देता था लेकिन लॉकडाउन में ऐसा नहीं हो पा रहा है। इसी के चलते ट्रस्ट आगे आया है और अन्य लोगों से भी अपील की है कि वे बेसहारा गोवंश व जीवों की सेवा करने के लिए आगे आए। अगर कोई घर से बाहर निकलकर सेवा नहीं कर पा रहा है तो वह ट्रस्ट को दान कर दे।