ग्राहक बनकर आई तीन महिलाओं ने ज्वेलरी शॉप से तीन लाख के आभूषण उड़ाए
कबाड़ी मार्केट स्थित एक ज्वेलरी शॉप से मुंह पर कपड़ा ढककर आई तीन महिलाओं ने करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण उड़ा लिए। दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पूरा मामला दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : कबाड़ी मार्केट स्थित एक ज्वेलरी शॉप से मुंह पर कपड़ा ढककर आई तीन महिलाओं ने करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण उड़ा लिए। दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पूरा मामला दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया।
ज्वेलरी शोरूम के संचालक हरियाणा स्वर्णकार संघ के उप प्रधान बजरंग सोनी ने बताया कि शनिवार को उनकी दुकान में दोपहर के समय तीन महिलाएं सोने के गहने खरीदने के बहाने आई थीं। तीनों ने मुंह पर चुन्नी बांधी हुई थीं। महिलाओं ने उनसे अंगूठी, बाली और टॉप्स दिखाने को कहा। महिलाओं ने बातों में उलझाकर पांच सोने के छल्ले (20 ग्राम), 6 जोड़ी बाली (25 ग्राम), बच्ची की बाली तीन जोड़ी (10 ग्राम) के अलावा चांदी की 2 जोड़ी पाजेब 250 ग्राम पर हाथ साफ कर दिया। उनके स्थान पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी डिब्बों में रख दी। तीनों महिलाएं आधे घंटे तक वहां रुकीं।
सोनी ने बताया कि उनके साथ ठगी करने वाली महिलाओं की उम्र 30 से 40 वर्ष रही होगी। महिलाएं उत्तर प्रदेश की भाषा में बात कर रही थीं। ठगी का पता उन्हें मंगलवार को लगा। उनके पास अन्य ग्राहक गहने पहुंचे। उन्होंने सामान चेक किया तो काफी सामान गायब था। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक की तो महिलाएं सामान उठाती हुई दिखाई दीं। थाना शहर में उप निरीक्षक वीरेंद्र ने बताया कि मामला दर्ज कर लियाहै। महिलाओं की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। जल्द ही महिलाओं को पकड़ा जाएगा।