यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करना ही पुलिस का उद्देश्य: सत्यप्रकाश
सत्येंद्र दहिया ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सावधानी हटी दुर्घटना घटी
बहादुरगढ़, (विज्ञप्ति): औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर 17 स्थित एक फैक्ट्री में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों बारे सेमिनार का आयोजन किया गया। शिविर में सामाजिक कार्यकर्ता सत्येंद्र दहिया तथा यातायात समन्वयक एएसआई सत्यप्रकाश व जोगिद्र हुड्डा तथा योग शिक्षिका सुनील देवी ने शिरकत की। सत्येंद्र दहिया ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सावधानी हटी दुर्घटना घटी। अपने बचाव में ही सबका बचाव है। उन्होंने बताया कि अपने वाहन को हमेशा धीमी गति और अपनी तय सीमा में ही चलाएं तथा वाहन चलाते समय फोन का इस्तेमाल और ऊंची आवाज में संगीत न बजाएं। गाड़ी चलाते समय स्वयं सावधानी बरतें और दूसरों का बचाव करें। इन दिनों सर्दी का मौसम भी चल रहा है और सड़क पर रात के समय धुंध व कोहरा भी होता है। इसलिए इंडिकेटर और अपनी गाड़ी के ऊपर रिफ्लेक्टर टेप अवश्य लगानी चाहिए जिससे कि सड़क दुर्घटना ना हो और यात्रा भी सुरक्षित हो। दोपहिया वाहन को हेलमेट अवश्य लगाना चाहिए। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करना चाहिए और गाड़ी चलाते समय सीट बेल्ट का इस्तेमाल अवश्य करें। यातायात समन्वयक सत्यप्रकाश ने दुर्घटना हेल्पलाइन नंबर 112 के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा दुर्घटना होने पर दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को सहायता पहुंचाने के बारे में प्रेरित किया। उन्होंने कर्मचारियों की स्कूटी एवं बाइक तथा साइकिलों पर लाल रंग की रिफ्लेक्टिव टेप भी लगवाई। सेमिनार में उपस्थित योग शिक्षिका सुनील देवी ने कर्मचारियों को भागदौड़ भरी जिदगी में तनाव तथा डिप्रेशन से बचने के लिए सूर्य नमस्कार करवाकर तथा इसके उपाय बताकर कर्मचारियों को योगा के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने ट्रैफिक नियमों की जानकारी संबंधित पुस्तिका भी कर्मचारियों को दी। इस अवसर पर एचआर हेड संतोष कुमार ने सभी अतिथियों का संस्थान में पहुंचने पर आभार प्रकट किया।