गर्मी के तेवर फिर हो रहे तीखे, 45 डिग्री पर पहुंचा तापमान, अभी राहत के आसार नहीं
जागरण संवाददाता बहादुरगढ़ गर्मी के तेवर फिर से तीखे हो गए हैं। शुक्रवार को लू का प्र
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ :
गर्मी के तेवर फिर से तीखे हो गए हैं। शुक्रवार को लू का प्रकोप तेज होते ही तापमान में भी उछाल आ गया। इस दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री पर पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया। लू के कारण दोपहर के समय सड़कें सुनसान और बाजार खाली रहे। अगले कई दिनों तक गर्मी से राहत के आसार भी नहीं दिख रहे हैं। शनिवार को तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है। मानसून का आगमन तो अगले महीने होगा। अभी ज्येष्ठ माह चल रहा है। यह सबसे ज्यादा गर्मी का महीना माना जाता है। ऐसे में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सड़कों पर चलना आसान नहीं है। शरीर में लू तो बिल्कुल कील की तरह चुभ रही है। गांवों में फिर गहराया बिजली संकट :
तपती गर्मी के बीच गांवों में बिजली संकट फिर से गहरा रहा है। पिछले दो दिनों से रात के समय तीन से चार घंटे का कट लग रहा है। इससे ग्रामीण परेशान हैं। भीषण गर्मी के बीच बिजली के बिना उनकी रातों की नींद उड़ रही है। लोगों ने बताया कि विभाग की ओर से बिजली सप्लाई का जो शेड्यूल पहले तय रखा गया था। वह ठीक था। दोपहर के समय कुछ घंटे बिजली मिलती थी। उसके बाद शाम से लेकर रात भर और फिर अगली सुबह तक बिजली की सप्लाई मिलती थी। मगर इन दिनों तो बीच-बीच में बिजली के कट लग रहे हैं। रात को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। आसौदा निवासी सतपाल व धर्मबीर ने बताया कि रात को इतना लंब कट लगता है कि इनवर्टर भी जवाब दे जाते हैं। गर्मी ज्यादा है। ऐसे में बिजली के बिना तो नींद उड़ना लाजिमी है। अब कुछ दिनों से बिजली आपूर्ति में सुधार हुआ था, लेकिन दो दिन से संकट बढ़ गया है।