दुल्हेंडी पर खूब उड़ा रंग गुलाल
एक-दूसरे पर रंगों की पिचकारियां चलाई गई।
एक-दूसरे पर रंगों की पिचकारियां चलाई गई। फोटो-1: जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़:
रंगों का त्यौहार दुल्हंडी (फाग) क्षेत्र में परंपरा के साथ मनाया गया। शहर और गांवों में खूब रंग-गुलाल उड़ाया गया। एक-दूसरे पर रंगों की पिचकारियां चलाई गई। एक तरफ जहां देवरों ने भाभियों पर पानी व गुलाल फेंका तो उन्होंने भी जवाब में खूब कोरड़े जमाए।
सोमवार को सुबह होते ही इस पर्व की क्षेत्र में धूम शुरू हो गई थी। ज्यों-ज्यों दिन चढ़ता गया त्यों-त्यों लोग रंगों में सराबोर होते गए। दोपहर के समय अनेक स्थानों पर युवाओं की टोलियां हाथों में गुलाल व रंगों की पिचकारियां लेकर नगर में घूमती नजर आई। एक-दूसरे को गुलाल लगाकर व पानी से भिगोकर लोगों ने प्रेम व भाईचारे का संदेश दिया। इस पर्व का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। एक दूसरे पर जमकर गुलाल उड़ाया गया। कई स्थानों पर डीजे की धुन व रंगों के बीच युवा थिरकते नजर आए। हर किसी के चेहरे जहां तरह-तरह के रंगों से रंगे हुए थे तो इस पर्व की खुशी भी साफ झलक रही थी। देवरों ने भाभी को खूब भिगोया :
दुल्हंडी पर देवरों की ओर से भाभी को पानी से भिगोने व उसके जवाब में भाभी की ओर से कपड़े का बल देकर बना गए कोरड़े मारने की परंपरा भी सुबह होते ही शुरू हो गई थी। अनेक स्थानों पर जहां देवरों ने अपनी भाभियों को पानी व रंगों से तरबतर किया वहीं उन्होंने भी खूब कोरड़े जड़े। शहर की विभिन्न कालोनियों में रंग व पानी से गलियां भी बदली-बदली सी नजर आई। अनेक स्थानों पर फाग के इस खेल का आनंद लेने के लिए छतों पर लोग चढ़े नजर आए। फिर शाम के समय देवरों ने दुल्हंडी खेलने के लिए भाभियों को मिठाई देकर परंपरा निभाई।