बहनों ने भाइयों को तिलक लगा मांगी लंबी उम्र
क्षेत्र में शुक्रवार को बहन-भाई के अटूट प्रेम का प्रतीक भैया दूज का पर्व हर्षोल्लास के साथ परंपरागत तरीके से मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक कर जहां उनकी लंबी आयु की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति अपने प्रेम को दशरया।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ :
क्षेत्र में शुक्रवार को बहन-भाई के अटूट प्रेम का प्रतीक भैया दूज का पर्व हर्षोल्लास के साथ परंपरागत तरीके से मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक कर जहां उनकी लंबी आयु की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति अपने प्रेम को दशरया।
पांच पर्वो की लड़ी में शामिल भैया दूज का पर्व शुक्रवार को क्षेत्र में धूमधाम से मना। सुबह ही घरों में इस पर्व की धूम शुरू हो गई थी। बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु की कामना कर रही थी और भाइयों की ओर से उन्हें उपहार भेंट किए जा रहे थे। परंपरा के अनुसार बहनों ने भाइयों को तिलक लगाने के बाद नारियल भी भेंट दिए। इस पर्व पर शायद ही कोई ऐसा था जिसके माथे पर लाल रंग का तिलक न सजा हो अन्यथा सबके माथे पर लगे टीके भैया दूज पर्व की महत्ता का अहसास करा रहे थे। परिवार के जहां बड़े सदस्यों ने इस पर्व की परंपरा को निभाया वहीं छोटे-छोटे बच्चों पर भी इस पर्व का रंग खूब देखा गया।
हर तरफ रही चहल-पहल
बाजारों में खासी भीड़ देखी गई। विशेषकर मिठाइयों व उपहारों की दुकानों पर लोगों की अधिक भीड़ थी। मिठाइयों की जमकर खरीददारी हुई। दीपावली के बाद एक बार फिर से दुकानों के बाहर तरह-तरह की मिठाइयां सजी दिखाई दी और उनके खरीददारों का तांता लगा हुआ था। भैया दूज के पर्व को लेकर वाहनों में भी खासी भीड़ थी। विवाहित बहनों की ओर से भैया दूज का पर्व मनाने के लिए भाइयों के घर जाने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया था। सड़कों पर खासी भीड़ देखी गई। ट्रेनों में भी आम दिनों की अपेक्षा यात्रियों की संख्या अधिक थी।
खूब बिका नारियल गोला
भैया दूज के त्योहार को देखते हुए बाजार में नारियल गोले की मांग आम दिनों की अपेक्षा कई गुना रही। नारियल गोला खरीदने के लिए दोपहर तक महिलाएं दुकानों पर पहुंचती रही। इसकी बिक्री को लेकर दुकानदारों ने इसे पिछले काफी दिनों से भैया दूज के लिए स्टोर कर रखा था। किरयाणे की दुकानों के अलावा गोला इस बार अन्य दुकानदारों पर बिक्री के लिए सजा दिखाई दिया। आम दिनों में जो गोला 160 से 180 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, वह भैया दूज के दिन 260 से 300 रुपये तक बिका।