धर्म विहार से एमआइई को जाने वाले मेन रोड पर सीवर ओवरफ्लो, मेनहोल के ढक्कण टूटने से हादसों का डर
वार्ड 18 में धर्म विहार से आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र (एमाआइई) को जाने वाले मेन रोड पर करीब 20 दिन से सीवर की समस्या बनी हुई है।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़:
वार्ड 18 में धर्म विहार से आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र (एमाआइई) को जाने वाले मेन रोड पर करीब 20 दिन से सीवर की समस्या बनी हुई है। यहां की सीवर लाइन जाम है। इस कारण सीवर ओवरफ्लो होकर मेन रोड पर ही दूषित पानी भरा हुआ है। मेनहोल के कई ढक्कन भी टूटे हुए हैं। इसके अलावा वार्ड के विवेकानंद नगर व धर्म विहार में भी सीवर समस्या है। मेनहोल के ढक्कन भी टूटे हुए हैं। सीवर जाम से दूषित पानी सड़कों पर भरा रहने से उनकी हालत जर्जर हो रही है। साथ ही मेनहोल के ढक्कन टूटने से और दूषित पानी भरा रहने से हादसों का भी खतरा बना हुआ है। लोगों ने आनलाइन व जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फोन पर शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सीवर समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। वार्ड वासी प्रदीप, बलजीत, पंडित लक्ष्मीदत, धर्मवीर, राजेंद्र, अनिल, अमित खत्री, रवि शर्मा, वीरेंद्र आदि ने बताया कि सीवर की समस्या सबसे ज्यादा एमआइई को जाने वाले रास्ते पर है। यहां दूषित पानी रोड पर ही भरा रहता है। यहां से हर रोज भारी संख्या में कामगार फैक्ट्रियों में आते-जाते हैं। मगर कई दिन से उनके आवागमन में यह सीवर समस्या परेशानी बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से वार्ड की सीवर समस्या का समाधान करने की मांग की है। आनलाइन कर चुके शिकायत, अधिकारियों को फोन पर दे चुके जानकारी, मगर समस्या का समाधान नहीं: युवराज
वार्ड 18 के निवर्तमान पार्षद युवराज छिल्लर ने बताया कि करीब 20 दिन से विवेकानंद नगर व धर्म विहार में सीवर की समस्या बनी हुई है। आठ-दस सीवर के ढक्कन भी टूटे हुए हैं। इन सबकी शिकायत आनलाइन की जा चुकी है। कई बार जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी शिकायत दी जा चुकी है, मगर सीवर जाम की समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। अब तो गलियों में ही सीवर का दूषित पानी भरा रहने लगा है। इससे सड़क भी जर्जर हो रही हैं। मुंगेशपुर ड्रेन ओवरफ्लो होने से छोटूराम नगर के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में पानी भर गया है। इस कारण वह बंद है। इस वजह से सीवर की समस्या बनी हुई है। अगर कहीं सीवर जाम व सफाई के लेकर समस्या है तो उसका समाधान तुरंत किया जाएगा।
-संदीप दूहन, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग, बहादुरगढ़।