सरकार ने मांग नहीं मानी तो 23 व 24 को टूल डाउन हड़ताल करेंगे कर्मचारी
बहादुरगढ़ (विज्ञप्ति) नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की ओर से नगर परिषद बहादुरगढ़
बहादुरगढ़, (विज्ञप्ति): नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की ओर से नगर परिषद बहादुरगढ़ इकाई के कर्मचारियों ने लगातार दूसरे दिन क्रमिक भूख हड़ताल की। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भूख हड़ताल में दूसरे दिन राजेश कुमार, संदीप, सरोज देवी, संदीप, सुमन देवी, सुनीता देवी, दया सिंह, सुरेंद्र कुमार, प्रवीन परनाला, नीटू सिंह, आशीष आदि बैठे। कर्मचारी नेताओं ने फूल माला पहनाकर उन्हें भूख हड़ताल पर बैठाया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए जिला प्रधान राजेंद्र तूषामड़ व सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ब्लाक प्रधान बिजेंद्र सैनी ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के साथ हुए समझौतों को लागू नहीं कर रही है। इसी वजह से उन्होंने दो दिवसीय क्रमिक भूख हड़ताल रखकर राष्ट्रीय मांग दिवस मनाया। साथ ही अगर सरकार ने उनकी मांग नहीं मानी तो 23 व 24 मई को टूल डाउन व पैन डाउन हड़ताल करेंगे। कर्मचारियों ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम को भंग करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने आदि मांग की हैं। संघ के इकाई प्रधान राजपाल ने बताया कि भाजपा सरकार कर्मचारियों की मांग पूरी नहीं कर रही है। इससे कर्मचारियों में रोष है। कर्मचारी जल्द ही सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे।