रोहतक से टीकरी बॉर्डर तक आज बनाएंगे मानव श्रंखला, आंदोलन के बीच गढ़ रहे गांधीजी की मूर्ति
किसान आंदोलन के बीच टीकरी बॉर्डर पर किसानों का धरना जारी।
फोटो-16,17,18,19: जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ :
किसान आंदोलन के बीच टीकरी बॉर्डर के मंच से एक वक्ता विजेंद्र ने रविवार को रोहतक से बहादुरगढ़ के बीच सड़कों पर मानव श्रंखला बनाने का ऐलान किया तो दूसरी तरफ पश्चिमी बंगाल से एक मूर्तिकार यहां पहुंचे और आंदोलन के बीच गांधीजी की मूर्ति गढ़ने में जुट गए। कलाकार दीवांजुन राय, उनके सहयोगी आर्य औरावा, बीजूनाथ और मधुसूदन इस कार्य में जुटे हैं। वे कहते हैं कि घर पर तो इस मूर्ति को दो माह में तैयार कर पाते, लेकिन यहां पर 10 दिन में तैयार करनी है। मूर्ति में गांधी जी के एक कंधे पर किसान का शव और दूसरे पर हल दर्शाया जाएगा। दीवांजुन कहते हैं कि उनकी मां बीमार थी। जैसे ही वे अस्पताल से घर आई तो मैं आंदोलन के लिए निकला। यहां रहकर किसानों के समर्थन में यह मूर्ति बनाएंगे। महिला किसान दिवस की तैयारी :
आंदोलन स्थल पर 18 जनवरी को महिला किसान दिवस मनाया जाएगा। इसके लिए अधिक से अधिक महिलाओं से आंदोलन में भागीदारी का आह्वान किया जा रहा है। पंजाबी गायब सोनिया मान ने भी शनिवार को महिलाओं से ज्यादा भागीदारी का आह्वान किया।
एक-दो दिन में तय होगी रणनीति:
किसानों की ओर से दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के लिए भी तैयारी की जा रही है। महम के विधायक बलराज कुंडू ने टीकरी बॉर्डर पर कहा कि 26 जनवरी की ट्रैक्टर परेड को लेकर किसान मजबूत तैयारी रखें। एक-दो दिन में संयुक्त किसान मोर्च के नेताओं द्वारा ट्रैक्टर परेड को लेकर रणनीति सार्वजनिक कर दी जाएगी। सभी किसान उसी योजना के अनुसार 26 जनवरी की दिल्ली की सड़कों पर ट्रैक्टर परेड निकालेंगे।