अलाव सेक रहे पांच लोगों पर चढ़ी बेकाबू कार, एक की मौत
सेक्टर-6 में शनिवार की सुबह अलाव सेक रहे लोगों के लिए एक तेज रफ्तार कार मौत बनकर आई। एक साथ पांच लोगों को रौंद डाला। पार्क की दीवार को तोड़ते हुए यह कार चार लोगों को तो 15 फीट तक घसीट ले गई। इसमें से एक की बाद में मौत हो गई जबकि चार गंभीर रूप से जख्मी हैं। सभी को रोहतक पीजीआइ में भर्ती कराया गया। इधर जिसने भी हादसा देखा वह दहल गया। कार में सवार चालक समेत तीन लोगों को खरोंच भी नहीं
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ :
सेक्टर-6 में शनिवार की सुबह अलाव सेक रहे लोगों के लिए एक तेज रफ्तार कार मौत बनकर आई। एक साथ पांच लोगों को रौंद डाला। पार्क की दीवार को तोड़ते हुए यह कार चार लोगों को तो 15 फीट तक घसीट ले गई। इसमें से एक की बाद में मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से जख्मी हैं। सभी को रोहतक पीजीआइ में भर्ती कराया गया। इधर, जिसने भी हादसा देखा वह दहल गया। कार में सवार चालक समेत तीन लोगों को खरोंच भी नहीं आई।
इस तेज रफ्तार कार की चपेट में आए सभी लोग सेक्टर-6 के सामुदायिक केंद्र के नजदीक पार्क की दीवार के पास बैठे थे। अचानक से कार नाले की स्लैब के ऊपर से दो पेड़ों के बीच से निकलकर आई। पांच लोग सामने थे और सभी उसकी चपेट में आ गए। जबकि छठा व्यक्ति बाल-बाल बच गया। 10 फीट लंबी पार्क की दीवार को तोड़ते हुए कार जब मलबे और लोहे की जाली के ऊपर अधर हो गई, तब रुकी। चपेट में आया एक व्यक्ति कार के नीचे फंस गया। उसे मशक्कत से निकाला। कार में सवार दो युवक तो उतरकर फरार हो गए। जबकि चालक को आपपास मौजूद लोगों ने वहीं दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया। कई देर तक मौके पर भीड़ लगी रही। एक ने दम तोड़ा, चार की हालत गंभीर
कार की चपेट में आए पांचों लोगों को ट्रामा सेंटर लाया गया। यहां से उन्हें रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया गया। वहां पर रामदयाल की मौत हो गई। वह उप्र के अंबेडकर नगर जिले के अकबरपुर का रहने वाला और कबाड़ खरीदने को शहर में फेरी लगाता था। घायलों में शामिल रामधारी और जगत भी यही काम करते हैं। वे भी अकबरपुर के मूल निवासी हैं। बाकी दो में एक बिहार का टुनटुन पासपान और मध्यप्रदेश के छतरपुर का शिवरतन शामिल हैं। ये दोनों मजदूरी करते हैं। पुलिस ने शिवरतन के ब्यान पर मामला दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।