निजामपुर रोड पर प्लास्टिक वेस्ट वाशिग की पांच फैक्ट्रियों को लगाई सील
- सितंबर 2020 में निजामपुर रोड पर बिना एनओसी के चलती मिलीं थीं प्लास्टिक वेस्ट वाशिग की पांच फैक्ट्रियां
- सितंबर 2020 में निजामपुर रोड पर बिना एनओसी के चलती मिलीं थीं प्लास्टिक वेस्ट वाशिग की पांच फैक्ट्रियां फोटो-21 व 22: जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़:
शहर के निजामपुर रोड पर प्लास्टिक वेस्ट वाशिग की पांच फैक्ट्रियों को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने सोमवार को सील कर दिया। फैक्ट्रियों की मशीनों के अलावा अन्य उपकरणों को भी सील किया गया है। अगर संचालकों की ओर से सील को तोड़कर फैक्ट्रियों को चलाया गया तो बोर्ड की ओर से उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इन फैक्ट्रियों को सील करने के आदेश बोर्ड मुख्यालय की ओर से गत दिनों दिए गए थे। इन फैक्ट्रियों को सील करने के साथ-साथ डीजी सैट पर भी सील लगा दी गई है तथा फैक्ट्रियों के बिजली-पानी के कनेक्शन काटने के लिए संबंधित विभागों को पत्र लिख दिया गया है। वायु और पानी प्रदूषण फैलाने वाली इन फैक्ट्रियों से पर्यावरण क्षतिपूर्ति राशि भी वसूली जाएगी, जिसका केस निर्धारित प्रोफार्मा में तैयार कर बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी की ओर से मुख्यालय को भेजा जाएगा।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के स्थानीय अधिकारियों की ओर से सात सितंबर 2020 को निजामपुर रोड पर परनाला की जमीन में पांच फैक्ट्रियां पकड़ी थीं। प्लास्टिक वेस्ट वाशिग की ये पांचों फैक्ट्रियां बोर्ड से एनओसी लिए बिना ही चल रहीं थीं। साथ ही चार फैक्ट्रियों की ओर से बिना ट्रीट किए गंदा पानी आसपास के क्षेत्र में छोड़ा जा रहा था, जो वायु व पानी प्रदूषण का कारण बन रहा था। पांचवीं फैक्ट्री की ओर से बिना उचित उपकरणों के प्लास्टिक को पिघलाने के लिए भट्ठी लगा रखी थी। ऐसे में बड़े स्तर पर प्रदूषण फैल रहा था। फैक्ट्रियों को नोटिस दिए गए तो उनके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए थे। वर्जन.
निजामपुर रोड पर सितंबर 2020 में पकड़ी गईं पांच फैक्ट्रियों को सील कर दिया गया है। अब इन फैक्ट्रियों से पर्यावरण क्षतिपूर्ति राशि भी नियमानुसार वसूली जाएगी। अगर सील तोड़कर इन फैक्ट्रियों को चलाया गया तो उनके संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-दिनेश यादव, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बहादुरगढ़।