24 घंटे के जाम के बाद प्रदर्शनकारियों ने खोला केएमपी, आंदोलन को तेज करने की दी चेतावनी
सड़क से प्रदर्शनकारियों के हटते ही यातायात सुचारु हो गया।
सड़क से प्रदर्शनकारियों के हटते ही यातायात सुचारु हो गया। फोटो-8 व 9: जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ :
24 घंटे तक केएमपी एक्सप्रेस-वे पर डेरा जमाए रहे आंदोलनकारियों ने रविवार सुबह आठ बजते ही इस मार्ग को खोल दिया। सड़क से प्रदर्शनकारियों के हटते ही यातायात सुचारु हो गया। इसके बाद जहां-तहां फंसे सैंकड़ों मालवाहक वाहन अपने गंतव्य तक पहुंच पाए। इससे पहले शनिवार की सुबह निर्धारित समय से पहले केएमपी पर चढ़े सवारी वाहन तो बाहर निकाल दिए गए थे, मगर माल वाहक वाहनों को नहीं जाने दिया था। इसी कारण माल से लदे ट्रक-ट्राले फंसे रहे। केएमपी पर बिताई रात :
आंदोलनकारियों द्वारा पहले भी केएमपी पर कई गतिविधि की गई हैं। कभी ट्रैक्टर मार्च तो कभी पांच घंटे का जाम, लेकिन इस बार 24 घंटे के जाम के चलते किसानों ने केएमपी पर ही रात बिताई। कई जगह टेंट लगाए गए थे। शनिवार को दिन में सभा चलाई। आंदोलन स्थल पर तो झोंपड़ियों में किसानों ने मच्छरदानी लगाई हुई हैं, मगर केएमपी पर ये इंतजाम नहीं थे। आंदोलन स्थल से काफी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्राली लेकर पहुंचे थे। हरियाणा के किसान भी पीछे नहीं थे। वैसे तो इस बार गर्मी के बीच केएमपी पर डटे रहना आसान नहीं था। सभा और लंगर के लिए टेंट लगाए गए थे। पुलिस भी रात भर सक्रिय रही। नेशनल हाईवे-9 से केएमपी पर आने वाले वाहनों को रोककर दूसरे रास्तों से भेजा। रविवार सुबह जब आठ बजे आंदोलनकारी सड़क से हटे, उसके बाद ही पुलिस ने केएमपी पर वाहनों को एंट्री दी। यूं बयां की परेशानी :
मैं बठिडा से शनिवार को आया था। मुझे माल लेकर केएमपी के रास्ते पलवल व आगरा होते हुए चेन्नई जाना था। यहां आकर पता चला केएमपी पर जाम है। इसके बाद रविवार सुबह तक आसौदा मोड़ पर ही ट्राला खड़ा किया। अब माल भी एक दिन की देरी से पहुंचेगा।
-राकेश, पंजाब। पंजाब से आया हूं। आगरा जाना था। केएमपी पर जाने लगा तो पुलिस ने रोका और बताया कि जाम है। इसके बाद दूसरा रास्ता सुझाया। मगर वहां से जाने की बजाय इंतजार ही किया।
-अंसार खान आसौदा के गैस प्लांट से सप्लाई लेकर शनिवार को भिवाड़ी के लिए चला था। मगर केएमपी पर जाने के लिए आया तो पुलिस ने बताया कि जाम है। इसके बाद वापस ही प्लांट में गाड़ी खड़ी की। रविवार सुबह निकला।
--हुकम सिंह