सिविल अस्पताल में जल्द बनेगा ब्लड बैंक, फिर से शुरू हुई प्रक्रिया
सिविल अस्पताल में बहुत जल्द ही ब्लड बैंक खुल जाएगा। इसके लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से फिर से प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अस्पताल की लैब में ब्लड बैंक बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए स्टोरेज रूम डोनेट रूम व डाक्टर रूम फाइनल कर दिए गए हैं।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : सिविल अस्पताल में बहुत जल्द ही ब्लड बैंक खुल जाएगा। इसके लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से फिर से प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अस्पताल की लैब में ब्लड बैंक बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए स्टोरेज रूम, डोनेट रूम व डाक्टर रूम फाइनल कर दिए गए हैं।
पहले यहां पर 100 बेड के अस्पताल को लेकर ब्लड बैंक बनाने की प्रक्रिया चल रही थी। लेकिन अब यहां पर 200 बेड का अस्पताल बनने जा रहा है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए ब्लड बैंक का प्रपोजल भी 200 बेड को लेकर ही बनाया गया है। हालांकि यहां के सिविल अस्पताल में ब्लड बैंक बनाने की प्रक्रिया वर्ष 2016 से चल रही है लेकिन अब तक यह सिरे नहीं चढ़ पाई थी। फिलहाल यहां पर ब्लड स्टोरेज यूनिट है। इसमें चार-चार यूनिट ए व बी पॉजिटिव रक्त की रखी रहती हैं। नेगेटिव ब्लड ग्रुप का रक्त भी जरूरत अनुसार झज्जर ब्लड बैंक से मंगवाया जाता है। बहादुरगढ़ में शहर के दो प्राइवेट अस्पतालों की ओर से भी ब्लड बैंक चलाए जा रहे हैं, मगर काफी समय से यहां पर सरकारी अस्पताल में भी ब्लड बैंक खोलने की मांग चल रही है। ब्लड बैंक की जल्द स्थापना को संगठन लगा रहे जोर
बहादुरगढ़ में ब्लड बैंक की जल्द स्थापना के लिए यहां के कई सामाजिक संगठन खूब जोर लगा रहे हैं। संबंधित अधिकारियों से पत्र व्यवहार भी पिछले दिनों किया गया था। हरियाणा राज्य रक्त आधान परिषद की ओर से बहादुरगढ़ के संगठन ह्यूमन सोसाइटी के पत्र के जवाब में बताया गया है कि ब्लड बैंक की स्थापना के लिए जरूरी उपकरणों और कर्मचारियों की व्यवस्था की प्रक्रिया चल रही है। ह्यूमन सोसाइटी के भारत नागपाल कहते हैं कि बहादुरगढ़ में ब्लड बैंक का होना अत्यधिक जरूरी है। उधर, सामाजिक कार्यकर्ता सतीश तहलान ने बताया कि यहां पर ट्रामा सेंटर है। इसीलिए सिविल अस्पताल में ब्लड बैंक खोले जाने की मांग को लेकर 22 संस्थाओं ने मिलकर मंत्री अनिल विज को ज्ञापन दिया गया था। ब्लड बैंक न होने की वजह से जरूरत पड़ने पर गंभीर व अति गंभीर मरीजों को यहां से रोहतक व दिल्ली रेफर कर दिया जाता है। अगर यहां पर ब्लड बैंक खुलता है तो बहादुरगढ़ ही नहीं बल्कि आसपास के लोगों को काफी फायदा होगा। सिविल अस्पताल में ब्लड बैंक खोलने की मंजूरी हो चुकी है। फिलहाल इसकी स्थापना की प्रक्रिया चल रही है। पैथोलॉजिस्ट यहां पर पहले से ही तैनात है। वह छुट्टी पर है। ब्लड बैंक के लिए लैब में स्थान भी निर्धारित कर दिया गया है। बहुत जल्द ही अन्य कागजी कार्रवाई पूरी करके यहां पर ब्लड बैंक खोल दिया जाएगा।
डा. संजय दहिया, सीएमओ, झज्जर।