युवक- युवती ने पार्क में जाकर निगला जहरीला पदार्थ
बिजली निगम के कच्चे कर्मचारी ने युवती के साथ मिलकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालात खराब होने के बाद युवक ने अपने साथी कर्मचारी व दोस्त को कॉल कर इसकी सूचना दी।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : बिजली निगम के कच्चे कर्मचारी ने युवती के साथ मिलकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालात खराब होने के बाद युवक ने अपने साथी कर्मचारी व दोस्त को कॉल कर इसकी सूचना दी। यह सुनने के बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचा और किसी तरह से दोनों को छावनी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ 32 में रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार युवक व युवती दोनों दुर्गानगर के रहने वाले हैं। युवक मॉडल टाउन स्थित बिजली निगम में बतौर एलडीसी कच्चा कर्मचारी है। सोमवार को दोनों एमटी क्रासिग के पास बने हर्बल पार्क में गए। यहां उन्होंने अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया।
जानकारी के अनुसार जहर का सेवन करने के बाद युवक ने अपने साथी कर्मचारी को कॉल कर जहरीला पदार्थ खाने की सूचना दी। यह सुनने के बाद साथी तुरंत वहां पहुंचा। उसने देखा पदार्थ निगलने से उनकी हालत खराब हो रही थी। इसके बाद उसने किसी तरह से दोनों को छावनी के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। दोनों ही गंभीर हालत को देखते हुए सिविल अस्पताल से उन्हें चंडीगढ़ 32 अस्पताल में रेफर कर दिया गया।