अंबाला परिषद चुनाव के लिए आज जारी होगी मतदाता सूची
अंबाला छावनी परिषद चुनाव को लेकर मतदाता सूची बनाने का काम तेजी से चल रहा है। शुक्रवार को मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी।
जागरण संवाददाता, अंबाला : अंबाला छावनी परिषद चुनाव को लेकर मतदाता सूची बनाने का काम तेजी से चल रहा है। शुक्रवार को मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी। विधानसभा चुनाव वाली सूची से मिलान किया गया है। इसके मुताबिक अंबाला छावनी के 31 वार्डो में 1.70 लाख मतदाता हैं। नगर परिषद द्वारा 16 अप्रैल को मतदाता की प्रारंभिक सूची जारी की जाएगी। 17 अप्रैल से 31 वार्डो में बनाए गए केंद्रों पर मतदाता अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसमें उन लोगों के नाम काटे जाएंगे जिनकी कोरोना या किसी अन्य कारण से मृत्यु हो चुकी है। इसके साथ ही 18 साल से ऊपर वाले युवाओं के नाम भी जोड़े जाएंगे।
अंबाला छावनी में 31 वार्डों में चुनाव होना है, लेकिन छोटे-बड़े वार्ड होने से पूर्व पार्षदों की परेशानी बढ़ गई है। किसी वार्ड में तीन हजार वोट हैं तो किसी वार्ड में 5 हजार, 7 हजार और 8 हजार वोट हैं। बड़े वार्डो का क्षेत्र भी कम हो गया है। ऐसे में जो पहले अपने वार्ड से वोट करते थे। अब उनका वार्ड भी बदल गया है।
--------------- गांवों को जोड़ा गया
रामपुरा, टूंडला, शाहपुर, बब्याल आदि गांवों को भी जोड़ा जाना है। इन गांवों के सरकारी स्कूलों में केंद्र बनाए गए है। जहां पर नगर परिषद के कर्मचारी नई वोट बनाएंगे। साथ ही जिन लोगों की मृत्यु हो गई है उनकी वोट भी कम होगी।
----------- प्रारंभिक मतदाता सूची शुक्रवार को जारी होगी। 17 अप्रैल को केंद्रों पर आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। जिस किसी को भी आपत्ति है वह केंद्र पर जाकर दर्ज करा सकता है।
राजेश कुमार, सचिव, नगर परिषद