दो कारों की आमने-सामने टक्कर, महिला की मौत, चार घायल, पीजीआइ रेफर किए
दो कारों की आमने सामने हुई टक्कर में जहां एक महिला की जान चली गई वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया है जबकि उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
संवाद सहयोगी, नारायणगढ़ : दो कारों की आमने सामने हुई टक्कर में जहां एक महिला की जान चली गई, वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जबकि उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। जिस रोड पर हादसा हुआ, उसकी हालत खस्ता है और गड्ढे बने हुए हैं। कारें क्षतिग्रस्त है, जबकि पुलिस ने इस संबंध में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हिसार-देहरादून राजमार्ग 72 पर नारायणगढ़-कालाआंब मार्ग पर हुई है।
जानकारी के अनुसार एक स्विफ्ट डिजायर में मणीकरण जिला कुल्लू हिमाचल के 47 वर्षीय नरेंद्र शर्मा, उसकी पत्नी 44 वर्षीय नंदिनी व दो बेटियां 25 वर्षीय रूपाली,19 वर्षीय भव्य के साथ मणीकरण से चंडीगढ़ की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह कालाअंब रोड पर आये तो नीलकंठ ढाबे के पास नारायणगढ़ की ओर से आ रही एक अन्य स्विफ्ट गाड़ी से टक्कर हो गई। इस गाड़ी में 24 वर्षीय निखिल अत्री निवासी नारायणगढ़ व राजेश कुमार निवासी लाहा सवार थे। गड्डे से बचने के चक्कर में इन दोनों कारों की टक्कर हुई। हादसे के बाद वहां पर चीख पुकार मच गई, जबकि आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। घायलों को किसी तरह से कारों से निकाला और इनको नागरिक अस्पताल नारायणगढ़ लाया गया। यहां पर डाक्टरों ने नंदिनी को मृत घोषित कर दिया। घयलों नरेंद्र, रूपाली, राजेश, निखिल को प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। इन सभी की हालत काफी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने इस संबंध आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरी ओर नारायणगढ़-कालाआंब रोड पर यह हादसा हुआ है, उसकी हालत खस्ता है। इस सड़क पर गड्ढे बने हुए हैं, जबकि इसी कारण से अक्सर दुर्घटनाओं की संभावनाएं बनी रहती है। इस रोड से पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड व हरियाणा के वाहन चालकों की आवाजाही रहती है, जबकि इसकी मरम्मत नहीं हो रही है। यही कारण है कि यहां पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।