तिरंगा के अपमान पर दमकल विभाग के कर्मचारियों से मांगा स्पष्टीकरण
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में नगर निगम में तिरंगे झंडे के अपमा
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में नगर निगम में तिरंगे झंडे के अपमान के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले दमकल विभाग के कर्मचारियों से नगर निगम आयुक्त ने स्पष्टीकरण मांगा है। आखिर तिरंगे का इस तरह अपमान कैसे हुआ। इसकी पूरी रिपोर्ट आयुक्त नगर निगम ने मांगी है। मामले को तूल पकड़ता देख दोनों आरोपी कर्मचारी इस मामले में नगर निगम मेयर रमेश मल से मिले। दोनों कर्मचारियों ने मेयर रमेश मल से हाथ जोड़कर इस मामले में उन्हें राहत दिलाने की मांग की लेकिन मेयर ने इस मामले में किसी भी प्रकार का आश्वासन तक कर्मचारियों को नहीं दिया। बताया जा रहा है कि मेयर ने कहा कि वह तिरंगे के अपमान मामले में कोई मदद नहीं कर सकते।
दरअसल 15 अगस्त को अंबाला शहर कार्यालय में मेयर ने तिरंगा झंडा फहराना था। सुबह साढ़े आठ बजे सारी तैयारियां कर ली गई। झंडे पर तिरंगे को चढ़ाने की जिम्मेदारी दमकल विभाग के कर्मचारियों की होती है। बताया जा रहा है कि आयुक्त ने एक दिन पहले भी पूरी रिहर्सल करने के निर्देश कर्मचारियों को दिए थे। इसके बाद 15 अगस्त की सुबह खुद आयुक्त ने तिरंगे को फहराने की रिहर्सल की तो नोट नहीं खुला। इसी दौरान आयुक्त चंडीगढ़ में चले गए। लेकिन कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वह अच्छे से तैयारी करें ताकि तिरंगा फहराने के समय इस तरह की गलती न हो। लेकिन 8:58 पर जब मेयर ने तिरंगा फहराने के लिए नोट खोलना चाहा तो लगातार तीन बार नोट नहीं खुला। चौथी बार में तिरंगा फहराया जा सका। इस तरह न केवल मेयर का अपमान हुआ बल्कि तिरंगे का अपमान भी हुआ। मेयर ने पूरे मामले की शिकायत आयुक्त नगर निगम से की थी। इस तरह तिरंगे के अपमान से खफा आयुक्त ने दोनों कर्मचारियों से जवाब मांगा है। यदि इस मामले में कर्मचारियों से संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो दोनों पर लापरवाही की गाज गिरनी तय है। बताया यह भी जा रहा है कि यह मामला राजभवन तक पहुंच गया है।
-----------------------
इस मामले में दमकल विभाग के कर्मचारियों से जवाब मांगा गया है। उसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।
दिनेश यादव, आयुक्त नगर निगम।