सात लाख लेकर आस्ट्रेलिया के बजाय भेजा इंडोनेशिया, काटनी पड़ी जेल
जागरण संवाददाता अंबाला शहर एजेंटो ने गांव लखनौर साहिब निवासी जरनैल सिंह को आस्ट्रेलिया
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : एजेंटो ने गांव लखनौर साहिब निवासी जरनैल सिंह को आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर सात लाख दस हजार रुपए की ठगी कर दी। आरोपितों ने युवक से यह राशि आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर ली थी, मगर इंडोनेशिया भेज दिया गया। यहां पहुंचकर युवक चार माह बीमार रहा साथ ही डेढ़ माह जेल भी काटनी पड़ी। हालांकि वह किसी तरह से अब वापस भारत पहुंच गया है। जरनैल सिंह ने जब आरोपितों से पैसे वापस मांगे तो आनाकानी करने लगे। परेशान होने के बाद पीड़ित युवक ने अब सदर थाना पुलिस का दरवाजा खटखटाया है। पुलिस ने शिकायत पर आरोपित संजय कुमार, सोहन लाल व बंता राम के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश आरंभ कर दी है। ------ चेक भी हो गए बाउंस
शिकायतकर्ता जरनैल सिंह के मुताबिक वह विदेश जाना चाहता था। इसी दौरान उसकी तीनों आरोपितों से मुलाकात हुई। उन्होंने आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर उसे सात लाख दस रुपए का खर्च बताया। यह राशि उसने उन्हें पहले ही सौंप दी। मगर आरोपितों ने उसे आस्ट्रेलिया भेजने के बजाय इंडोनेशिया भेज दिया। यह उसे वहीं जाकर पता चला। यहां चार माह रहा और बीमार हो गया और डेढ़ माह तक जेल में बंद रहा। कई औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वहां की पुलिस ने उसे भारत वापस भेज दिया। यहां आकर उसने एजेंटों को इसके बारे में बताया। मगर कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। इसके बाद उसने अपने पैसे वापस मांगे तो वह टालमटोल करने लगे। मगर आरोपितों ने जरनैल सिंह को दो चेक दिए। जब बैंक में लगाए तो एक चेक बाउंस हो गया तो दूसरे पर कटिग होने के कारण नहीं लग पाया। अब जब दोबारा उसने आरोपितों से संपर्क करना चाहा तो नहीं हो पाया।