ईओ मीटिग में बेसहारा पशुओं के मामले में पेश नहीं हो पाया जवाबदावा
ट्विनसिटी की सड़कों पर बेसहारा घूम रहे पशुओं के मामले में बुधवार को भी कुछ खास नहीं हो पाया। मामले में नगर निगम शहर और नगर परिषद छावनी की ओर से जिम्मेदार अधिकारी पहुंच नहीं पाया। हालांकि नगर निगम की ओर से पैरोकार की ओर से वकील को सूचित कर दिया गया था कि चुनाव के चलते ईओ साहा मीटिग में व्यस्त हैं और अदालत में हाजिरी नहीं लगा पाएंगे।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : ट्विनसिटी की सड़कों पर बेसहारा घूम रहे पशुओं के मामले में बुधवार को भी कुछ खास नहीं हो पाया। मामले में नगर निगम शहर और नगर परिषद छावनी की ओर से जिम्मेदार अधिकारी पहुंच नहीं पाया। हालांकि नगर निगम की ओर से पैरोकार की ओर से वकील को सूचित कर दिया गया था कि चुनाव के चलते ईओ साहा मीटिग में व्यस्त हैं और अदालत में हाजिरी नहीं लगा पाएंगे। साथ ही मामले में अगली तारीख की मांग की। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 16 अक्टूबर का दिन निर्धारित कर दिया।
जन उपयोगिता अदालत में बुधवार बेसहारा पशुओं के मामले में तारीख थी। तारीख के चलते प्रार्थी पक्ष का एडवोकेट अदालत में पेश हुआ। मामले में ही नगर निगम और नगर परिषद की ओर से ईओ को पहुंचना था। क्योंकि 9 अक्टूबर को अदालत में पशुओं को पकड़ने संबंधी जितने भी अभी तक निगम ने टेंडर किये थे उनका रिकॉर्ड पेश किया जाना था। इसके साथ ही निगम की ओर से मामले में जवाबदावा पेश किया जाना था। लेकिन चुनाव के चलते ईओ की ड्यूटी साहा में लग गई और मीटिग के लिये वह साहा में थे। इस कारण अदालत में पेश नहीं हो सके। ऐसे में नगर निगम के पैरोकार नवनीत ने अपनी एडवोकेट को सूचित कर दिया और अगली तारीख की मांग की गई। जनउपयोगिता अदालत की चेयरमैन सरिता गुप्ता ने हालात को देखते हुए अगली तारीख निर्धारित कर दी।
नहीं सुधर रहे हालात
बेसहारा पशुओं के मामले में बेशक कई एडवोकेट ने निगम को उपयोगिता अदालत में चुनौती दी हुई है और मामले को काफी समय भी हो गया है। लेकिन अभी भी बेसहारा पशुओं के हालात नहीं सुधर रहे। सड़कों पर बेसहारा पशु घूम रहे हैं और जो रात के अंधेरे में नजर नहीं आते। इन्हीं कारणों से हादसे हो रहे हैं।