बेसहारा पशुओं की सींग पर रेडियम टेप लगाई जाएगी
शहर में लोग बेसहारा पशुओं से परेशान हैं। रात में सड़कों पर बेसहारा पशुओं से हादसों का खतरा बना रहता है। सर्दी के मौसम में इन दिनों रात को कोहरा घना हो जाता है। इस दौरान ये बेसहारा मवेशी वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते और हादसे हो जाते हैं।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर: शहर में लोग बेसहारा पशुओं से परेशान हैं। रात में सड़कों पर बेसहारा पशुओं से हादसों का खतरा बना रहता है। सर्दी के मौसम में इन दिनों रात को कोहरा घना हो जाता है। इस दौरान ये बेसहारा मवेशी वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते और हादसे हो जाते हैं। इन हादसों को रोकने के लिए ही नगर निगम ने ऐसे पशुओं के सींग पर रेडियम टेप लगाने की योजना बनाई है।
मालूम हो कि शहर में बेसहारा पशु गंदगी और कचरे में विचरण करते हैं। शहर की सड़कों और कॉलोनी में बेसहारा पशु घूमते रहते हैं। ऐसे में बेसहारा पशुओं से हादसे भी होते हैं। जबकि निगम लोगों की समस्या के समाधान के लिए बेसहारा पशुओं को पकड़ कर गोशाला लेकर जाते हैं, लेकिन शहर की गोशालाओं में पशुओं को रखने की जगह नहीं है। यहां पर पहले से मानक से ज्यादा पशु पहुंच चुके हैं। इस वजह से गोशाला संचालक पशुओं को लेने से मना कर देते हैं।
पशुओं को पकड़ने का काम काफी समय से बंद
नगर निगम का काफी समय से बेसहारा पशुओं को पकड़ने का काम बंद है। इसलिए निगम ने लोगों की सुविधा के लिए बेसहारा पशुओं के सींग पर रेडियम टेप लगाने की योजना तैयार की है। इसमें नगर निगम बेसहारा पशुओं के सींग पर रेडियम लगाने से रात में चमकते नजर आएंगे। इससे लोगों के साथ होने वाले हादसों पर अंकुश लगेगा। इस संबंध में आयुक्त पार्थ गुप्ता ने बताया कि बेसहारा पशुओं के सींग पर रेडियम लगाने की योजना बनाई है। इसके लिए निगम जल्द ही काम शुरू करेगा।