मास्क और ग्लब्स खुले में नहीं गिराने के लिए रेहडियों पर पीले कूड़ेदान लगाए
-शहर में नगर निगम की करीब 300 रेहडियों से कूड़ा उठाने का काम किया जाता है
-शहर में नगर निगम की करीब 300 रेहडियों से कूड़ा उठाने का काम किया जाता है
फोटो संख्या 19 जागरण संवाददाता, अंबाला शहर:
शहर में खुले में मास्क और ग्लब्स नहीं गिराने के लिए निगम ने कूड़ा उठाने वाली रेहिडयों में पीले कूड़ेदान लगा दिए हैं। निगम ने बॉयोमेडिकल वेस्ट के लिए करीब 300 रेहडियों पर पीले कूड़ेदान लगाए हैं। इन पीले कूड़ेदान में बॉयोमेडिकल वेस्ट कूड़ा गिराया जाएगा।
मालूम हो कि शहर में घरों से रोजाना करीब 140 मिट्रिक टन कूड़ा निकलता है। निगम के वाहनों की ओर से कूड़ा उठाने के बाद डंपिग प्वाइंट पर डंप किया जाता है। हालांकि घरों से कूड़ा उठाने वाली कंपनी ने काम बंद कर रखा है। ऐसे में लोगों की सुविधा के लिए निगम ने छोटी गलियों में कूड़ा उठाने के लिए रेहड़ी लगाई है। शहर में रेहडियों से सुबह के समय कूड़ा उठाने का काम किया जाता है। लेकिन कोरोना काल में लोग मास्क और ग्लब्स पहनते हैं, जो खुले में गिरा देते हैं। जबकि निगम खुले में मास्क गिराने वालों के चालान भी काटता है। इसलिए निगम ने बॉयोमेडिकल वेस्ट के लिए रेहड़ियों में पीले कूड़ेदान लगाने शुरू कर दिए हैं। इस संबंध में कार्यकारी अधिकारी वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि निगम की ओर से बॉयोमेडिकल वेस्ट कूड़े के लिए रेहड़ियों पर पीले कूड़ेदान लगाए जा रहे हैं। शहर में जल्द ही घरों से कूड़ा उठाने का काम शुरू होगा। निगम मुख्यालय से घरों से कूड़ा उठाने वाली कंपनी के टेंडर को मंजूरी मिल चुकी है। अब नगर निगम कंपनी को वर्क ऑर्डर जारी करेगा। इसके बाद कंपनी घरों से कूड़ा उठाने का काम शुरू करेगी।