शहर के लोगों को मिलेगी 100 बेड के अस्पताल की सुविधा
शहर में दिसंबर तक लोगों को 100 बेड के अस्पताल की सुविधा मिलेगी। यहां पर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए मॉडूयलर ओटी भी बनेगी।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर: शहर में दिसंबर तक लोगों को 100 बेड के अस्पताल की सुविधा मिलेगी। यहां पर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए मॉडूयलर ओटी भी बनेगी। लोक निर्माण विभाग ने ने भू-तल का निर्माण कार्य लगभग पूरा कर लिया है। अब प्रथम और दूसरी मंजिल के लिए निर्माण कार्य जारी है।
नागरिक अस्पताल में सुबह से मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। यहां पर सर्जरी, गायनिक, बाल रोग विभाग, मेडिसन आदि में सुबह से मरीजों की लाइन लगी रहती है। जबकि नेत्र रोगियों को इलाज के लिए पुराने सिविल अस्पताल जाना होता है। ऐसे में मरीजों को इलाज करने में परेशानी होती है। वहीं, नागरिक अस्पताल में नेत्र ओपीडी और ओटी के लिए जगह भी नहीं है। अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसलिए मरीजों को एक ही छत के नीचे सुविधा के लिए नए अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। यहां पर दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा है। अस्पताल प्रशासन की माने तो अस्पताल परिसर में नए ऑक्सीजन प्लाट का निर्माण कार्य चल रहा है। प्लांट से नए अस्पताल में मरीजों को ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाएगी।
ये ओपीडी शिफ्ट होगी
शहर के नए अस्पताल में मरीजों के लिए नेत्र विभाग, डेंटल विभाग,सर्जरी, चर्म रोग आदि की ओपीडी शिफ्ट की जाएगी। इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने प्लान तैयार कर लिया है। वहीं नागरिक अस्पताल में मेडिसन, गायनिक, बाल रोग विभाग की ओपीडी में मरीजों के लिए जारी रहेगी। वहीं मरीजों की सुविधा के लिए ब्लड बैंक भी शिफ्ट किया जाएगा। अस्पताल के ब्लड बैंक में जगह की कमी होने से काम प्रभावित होता है।