सचखंड एक्सप्रेस से गिरकर यात्री के पैर कटे, चंडीगढ़ रेफर
छावनी रेलवे यार्ड के पास लुधियाना से आ रही सचखंड एक्सप्रेस से गिरकर यात्री के दोनों पैर कट गए। यात्रियों के शोर मचाने पर आसपास के रेलवे कर्मचारियों ने जीआरपी को मौके पर बुलाया। लहुलूहान हालत में आगरा के ताजमहल पूर्वी गेट निवासी 47 वर्षीय केवल सिंह को छावनी के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया।
जागरण संवाददाता, अंबाला : छावनी रेलवे यार्ड के पास लुधियाना से आ रही सचखंड एक्सप्रेस से गिरकर यात्री के दोनों पैर कट गए। यात्रियों के शोर मचाने पर आसपास के रेलवे कर्मचारियों ने जीआरपी को मौके पर बुलाया। लहुलूहान हालत में आगरा के ताजमहल पूर्वी गेट निवासी 47 वर्षीय केवल सिंह को छावनी के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद यात्री को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। जहां उसकी प्लास्टिक सर्जरी की जाएगी। डाक्टर का कहना था कि हादसे में यात्री का एक पैर पूरा तो दूसरा आधा कट गया। घायल अवस्था में केवल सिंह ने बताया कि लुधियाना में जुते बनाने का काम करता है और आगरा रहता है। शुक्रवार सुबह वह अपने घर जाने के लिए ट्रेन में सवार हुआ था। ट्रेन में अत्याधिक भीड़ होने के कारण वह गेट पर बैठा था। स्टेशन से ठीक पहले डिब्बे के अंदर यात्रियों का धक्का लगा तो अनियंत्रित होकर गिर गया और पैर पहिए की चपेट में आ गया। गनीमत यह रही कि समय पर पैर बाहर निकाल गया, वरना टांग भी कट जाती।