मास्क की खरीद बिक्री में लगाया करीब आठ लाख की धोखाधड़ी
अंबाला कैंट के साइंस कारोबारी अमरीक सिंह निवासी ग्रीन पार्क को अमेरिका के एक शातिर ने मास्क की सप्लाई का झांसा देकर करीब आठ लाख रुपये का चूना लगा दिया।
जागरण संवाददाता, अंबाला : अंबाला कैंट के साइंस कारोबारी अमरीक सिंह निवासी ग्रीन पार्क को अमेरिका के एक शातिर ने मास्क की सप्लाई का झांसा देकर करीब आठ लाख रुपये का चूना लगा दिया। इस शातिर के जाल में वह इस तरह से फंस गया कि नोएडा और बेंगलुरु की दो कंपनियों से लाखों रुपये एडवांस भी ले लिए, जबकि इन दोनों कंपनियों का बकाया पीड़ित पर है। पुलिस ने इस संबंध में आरोपित रूडेक डेनियल के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
अमरीक सिंह ने बताया कि वह सेना से सेवानिवृत्त है और एजुकेशन साइंटिफिक मेडिकल लेबोरेट्री इक्विपमेंट की इंपोर्ट एक्सपोर्ट का काम करता है। कोरोना काल के दौरान बढ़ी मास्क की डिमांड को देखते हुए उन्होंने भी ऑनलाइन सप्लायरों को सर्च किया। तमाम कंपनियों का प्रोफाइल ऑनलाइन चेक करने के बाद यूएसए की एक कंपनी के संपर्क में आए। कंपनी के प्रतिनिधि रूडेक डेनियल से बातचीत की, जिन्होंने एन95 मास्क की सप्लाई देने का वायदा किया। इसी आधार उन्होंने बेंगलुरु व नोएडा की दो कंपनियों से करीब 32.50 लाख रुपये एडवांस भी ले लिए। जून 2020 में डेनियल ने उनको मास्क देने का वादा किया। इसी पर डेनियल ने 50 हजार रुपये का बिल भेजा, जिसकी एवज में 10 फीसद राशि यानी दो हजार यूएस डॉलर की पेमेंट कर दी गई। आरोपित ने कहा कि उसके मास्क भेज दिए गए हैं, जिनको दिल्ली से हासिल कर सकते हैं। इसके साथ ही एक थाइलैंड की कंपनी के संपर्क में आए, जिन्होंने मास्क सप्लाई का दावा किया। इस कंपनी के अकाउंट में भी 5295 यूएस डॉलर भेज दिए गए, लेकिन दोनों कंपनियों से कोई मास्क नहीं मिला। बाद में छानबीन में पता चला कि दोनों कंपनियों को डेनियल ही डील कर रहा है। जिन कंपनियों से उन्होंने मास्क सप्लाई करने का आर्डर लिया था, 26.50 लाख रुपये लौटा दिए गए।