छंटनी पर रोक को लेकर नगर परिषद कर्मचारियों ने किया झाड़ू प्रदर्शन
बुधवार दोपहर बाद नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले कार्यालय गेट पर विरोध सभा की। विरोध सभा को कर्मचारी नेताओं ने संबोधित करते हुए सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, अंबाला: नगर परिषद छावनी में बुधवार दोपहर बाद नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले कार्यालय गेट पर विरोध सभा की। विरोध सभा को कर्मचारी नेताओं ने संबोधित करते हुए सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया।
राज्य सरकार और सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल के साथ वर्ष 2018 और 2019 में हुए समझौते को लागू कराने के लिए हुंकार भरते हुए कार्यालय पर विरोध सभा का आयोजन किया। विरोध सभा के बाद लामबंद कर्मचारियों ने मुख्य बाजारों में झाड़ू प्रदर्शन किया। नगर निगम पंचकूला के छंटनी का शिकार बने 258 कर्मचारियों को बहाल करते हुए आगे से इस तरह की कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग की गई।
वक्ताओं द्वारा बताया गया कि सरकार ने मार्केट कमेटी व अग्निशमन कर्मचारियों को विभाग के रोल पर करने का भरोसा दिलाया था, जो अभी तक पूरा नहीं किया गया। उन्होंने मांग की कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों और चौकीदारों को स्थानीय निकायों का कर्मचारी घोषित किया जाए। कर्मचारियों को समय से वेतन और सेवानिवृत के दिन ही सेवा का लाभ दिया जाए। साथ ही पांच हजार रुपये जोखिम भत्ता और दुर्घटना बीमा 10 लाख रुपये किया जाए।
कार्यालय गेट पर सभा करने के बाद लामबंद कर्मचारी नारेबाजी करते हुए मुख्य मार्ग पर झाड़ू प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर परिषद छावनी के कर्मचारियों सहित सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।