1 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियोरोधी खुराक
जिला सिविल सर्जन डा. कुलदीप सिंह ने बताया राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 17 जनवरी से 19 तक होगा। जन्म से 5 साल तक के 129338 बचों को दो बूंद पोलियोरोधी दवाई पिलाई जाएगी।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : जिला सिविल सर्जन डा. कुलदीप सिंह ने बताया राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 17 जनवरी से 19 तक होगा। जन्म से 5 साल तक के 129338 बच्चों को दो बूंद पोलियोरोधी दवाई पिलाई जाएगी। पल्स पोलियो अभियान में सभी विभागों के सहयोग से हम पोलियो रोग पर काबू पा सके हैं। लगातार प्रयास से जनवरी 2011 के बाद पूरे भारत मे कोई भी पोलियो केस नहीं निकला।
जिले में 889 बूथों पर 2644 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी वर्कर, आशा सामाजिक कार्यकर्ता, नेहरू युवा कार्यकर्ता तथा विभिन्न गैर सरकारी संस्थाओं के सदस्यों, पंचायती राज व जिला प्रशासन के सहयोग से 0-5 वर्ष के 1,29338 बच्चों को पोलियोरोधी अतिरिक्त खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। जिला के औद्योगिक क्षेत्र, निर्माणाधीन स्थल, झुग्गियों में रह रहे कामगार मजदूरों के बच्चों को हाई रिस्क एरिया घोषित कर विशेष टीमें लगाई गई ताकि कोई भी बच्चा खुराक से वंचित न रहे।
जिले में अभियान को प्रभावी ढंग से सफल बनाने हेतु 139 गाड़ियां, 35 मोबाइल टीम, 135 सुपरवाइजरों व कार्यक्रम अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने हेतु प्रचार-प्रसार गतिविधियों में शहरी क्षेत्र में गलियों, झुग्गियों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन आदि स्थानों पर 31 रिक्शा द्वारा बैनर के साथ माइकिग की जाएगी। सिविल सर्जन ने बताया कि अभियान की सफलता के लिए इस बार अधिक सजग रहना होगा और अभियान शामिल होने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत होगी। बच्चों को दवा पिलाते समय हमें कोरोना काल के नियमों का ध्यान रखना होगा और सैनिटाइजर का उपयोग अवश्य करना होगा।