नाबालिग भांजी को होटल में साथ ले गई मौसी, फिर युवक से दो बार करवाया दुष्कर्म
मां की चचेरी बहन यानि रिश्ते में मौसी लगने वाली महिला ने ही अपनी भांजी को अपने एक जानकार युवक को सौंप दिया।
जेएनएन, अंबाला शहर। मां की चचेरी बहन यानि रिश्ते में मौसी लगने वाली महिला ने ही अपनी भांजी को अपने एक जानकार युवक को सौंप दिया। वह उसे अपने साथ ले गई और फिर होटल में युवक से उसका दुष्कर्म करवाया। मामले में पुलिस ने उसकी मौसी व दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
लड़की के मुताबिक उसकी मौसी 3 अप्रैल को उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ शहर से बाहर घुमाने की बात कहकर विशाल के साथ कार में पंजाब के बरनाला स्थित होटल में ले गई। वहां उसकी मौसी विशाल के साथ कमरे में चली गई। उसे गौरव के साथ जबरन दूसरे कमरे में भेज दिया गया।
लड़की ने बताया कि होटल में गौरव उससे गलत हरकत करने लगा। उसने विरोध किया तो वह उसे धमकी देने लगा। इसके बाद गौरव ने उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे डेराबस्सी के दूसरे होटल में ले गए और वहां फिर से उससे दुष्कर्म किया गया।
उसकी मौसी और युवकों ने उसे यह बात किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। जब पीड़िता 8 अप्रैल को घर पहुंची तो उसने किसी को कुछ नहीं बताया, लेकिन बाद में जब उसकी मां ने दबाव बनाया तो उसने पूरी बात बता दी।
बाद में मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने गौरव के खिलाफ पोक्सो एक्ट, जबकि विशाल व महिला के खिलाफ आरोपित की मदद करने के लिए 120बी के तहत केस दर्ज किया है। तीनों आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।