जिस तरह फ्यूज बल्ब ने संसद में ड्रामा किया वह हमारी संस्कृति का हिस्सा नहीं: कटारिया
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : अपने बड़बोले बोल के लिए जाने-जाने वाले सांसद रतन लाल कटारि
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : अपने बड़बोले बोल के लिए जाने-जाने वाले सांसद रतन लाल कटारिया एक बार फिर से बड़े बोल, बोल गए। शहर में पंचायत भवन में पत्रकारवार्ता के दौरान कटारिया उग्र हो गए। कांग्रेस पर शब्द बाण कसते हुए कटारिया बोले कि जिस तरह सोनिया के फ्यूज बल्ब ने संसद में हंगामा किया और जैसे उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीट से उठाने का प्रयास किया वह हमारी भारतीय संस्कृति का हिस्सा नहीं है। कटारिया यहीं नहीं रूके और बोले कि वह तो ऐसे प्रधानमंत्री को सीट से उठा रहा था जैसे उसके बाप ने ही मोदी को इस सीट पर बिठाया हो। कटारिया बोले 125 करोड़ जनता ने प्रधानमंत्री को यह सीट दी है। इससे उन्हें कोई कांग्रेसी नहीं उठा सकता।
कटारिया ने कहा कि आरक्षण समाप्त करने और संविधान को खतरा बताकर झूठ के सहारे से कांग्रेस पार्टी देशवासियों को गुमराह कर रहे हैं। देश मे पहली बार 26 नम्बर को संविधान के रूप में भाजपा सरकार द्वारा की मनाया गया है। सरकार ने 406 सांसदों के समर्थन से बैकवर्ड क्लास को संवैधानिक दर्जा देकर एक इतिहास कायम किया है।
मायावती ने माया की देवी बनकर लूटा सरकारी खजाना
मायावती पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने स्वर्गीय कांशी राम की विचार धारा को तिलांजलि देकर नोट कमाने की राजनीति को प्राथमिकता दी है। कहा, मायावती ने अपने शासन काल में उत्तर प्रदेश के अनुसूचित जाति और जनजाति के लोगों का उत्थान करने की बजाए माया की देवी के रूप में दोनों हाथों से सरकारी खजाने को लूटा है। इससे पहले बैठक में भाजपा अनुसूचित जाति के प्रदेशाध्यक्ष राम अवतार ने बताया कि पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए यह बैठक आयोजित की गई थी। इससे पूर्व भाजपा के संगठन मंत्री सुरेश भट्ट ने प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में सभी जिलों से आए प्रतिनिधियों को बूथ स्तर तक पार्टी संगठन के विस्तार व भाजपा के संगठन के अन्य कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर विधायक असीम गोयल, भाजपा के संगठन मंत्री सुरेश भट्ट, भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, भाजपा के जिला अध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार, प्रदेश प्रवक्ता डा. संजय शर्मा सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।