पोक्सो एक्ट में सरपंच सहित चार पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज
पोक्सो एक्ट में सरपंच सहित चार लोगों पर नाबालिग से छेड़छाड़ करने का मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप यह भी है कि आरोपित पीड़िता को जबरन विवाह करने तथा जान से मारने की धमकी भी देते हैं।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : पोक्सो एक्ट में सरपंच सहित चार लोगों पर नाबालिग से छेड़छाड़ करने का मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप यह भी है कि आरोपित पीड़िता को जबरन विवाह करने तथा जान से मारने की धमकी भी देते हैं। उनके डर के कारण पीड़िता ने स्कूल जाना भी छोड़ दिया है। नारायणगढ़ महिला थाना पुलिस ने राजकुमार, संजू, सरपंच रामपाल, चौकीदार कुलदीप व रोहित के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नाबालिग लड़की ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपित रोहित उसे रास्ते में रोककर बेवजह परेशान करता है और उससे जबरन शादी करने के लिए बोलता है। उसने कई बार इस बात का विरोध भी किया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आरोपित उसे अश्लील इशारे कर काफी समय से परेशान कर रहा है। इन बातों से तंग होकर उसने यह बात अपने परिजनों को बताई। पंचायत में मांगी थी माफी
पंचायत में रोहित ने अपनी हरकतों के चलते लिखित में माफी भी मांगी थी। अब फिर से वह उसे परेशान कर रहा है और शादी के लिए दबाव बना रहा है। आरोप है सरपंच रामपाल भी उसे व उसके परिजनों को धमकाता है और रोहित से शादी करने की बात का दबाव बनाया जा रहा है।
यही नहीं आरोपित उसके भाई कर्ण सिंह पर भी गोली से फायर कर चुके हैं, जिसमें वह किसी तरह से बच गया। यहां तक आरोपितों के डर के चलते उसका घर से निकलना मुश्किल हो गया है जिसके चलते उसने एक साल से स्कूल जाना भी छोड़ दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है जिसमें सरपंच पर भी आरोप लगे हैं। मामले में जांच चल रही है। दोनों पक्षों को फिर से बुलाया जाएगा।
- शीलावंती, इंचार्ज, महिला थाना, नारायणगढ़