किसानों में खुशी, दो दिन बाद बिकना शुरू हुई गेहूं
किसानों को शनिवार बड़ी राहत मिली। क्योंकि दो दिन से अनाज मंडी में परेशान हो रहे किसानों की गेहूं की फसल बिकना शुरू हुई।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर:
किसानों को शनिवार बड़ी राहत मिली। क्योंकि दो दिन से अनाज मंडी में परेशान हो रहे किसानों की गेहूं की फसल बिकना शुरू हुई। दो दिन के लिए आढ़तियों ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल करनी शुरू कर दी थी। ऐसे में किसानों के लिए समस्या खड़ी हो गई थी। किसानों को अनाज मंडी में ही अपनी गेहूं की रखवाली करना पड़ रही थी। क्योंकि आढ़तियों ने किसानों को हड़ताल बारे पहले सूचना नहीं दी थी और किसान मंडी में अपनी गेहूं लेकर पहुंच गए थे।
अंबाला शहर अनाज मंडी में दो दिन बाद किसानों के चेहरे पर रौनक लौटी। दो दिन से मंडी में किसान परेशान हो रहे थे, लेकिन उनके पास कोई दूसरा चारा नहीं था। इस समय गेहूं की कटाई का सीजन तेजी पकड़ गया है, ज्यादातर गेहूं की फसल पक चुकी है। जिस कारण किसानों ने कंबाइन से गेहूं की कटाई शुरू करवा दी है। ऐसे में किसान दूसरे किसानों की ट्राली में लोड करके गेहूं पहुंचा रहे हैं। लेकिन मंडी में आढ़तियों की हड़ताल के कारण दो दिन तक किसानों का काम बाधित रहा। लखनौर साहिब के मुख्तयार सिंह ने कहा कि दो दिन तक खरीद बंद थी, आढ़ती मांगों को लेकर अपनी हड़ताल कर रहे थे। परंतु आढ़तियों को अपनी मांगों का मुदा पहले उठाना चाहिए था, ना कि जब किसान अपनी फसल लेकर मंडी में पहुंच गए तब। आढ़तियों की हड़ताल के कारण किसानों को परेशानी हुई। नग्गल के चेतन सिंह ने बताया कि अनाज मंडी में गेहूं दो दिन से पड़ी थी, जो आज बिकेगी। यदि उसे पहले से हड़ताल का पता होता तो वह अभी अपनी गेहूं की फसल की कटाई ही न करवाता। गेहूं को कटवाने के बाद घर रखना भी आसान नहीं था। दूसरा बार-बार उतारने और लोड करने का लेबर खर्च बढ़ जाता है।