किसानों ने अंबाला के शंभू बॉर्डर पर किया रोष प्रदर्शन
केंद्र सरकार के सात साल और किसानों के दिल्ली धरने को छह माह पूरे होने पर शंभू बॉर्डर पर रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी पहुंचे।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : केंद्र सरकार के सात साल और किसानों के दिल्ली धरने को छह माह पूरे होने पर शंभू बॉर्डर पर रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी पहुंचे। उन्होंने उत्तर प्रदेश के किसानों से भी अपील की है कि वहां भी कार्यक्रमों का बहिष्कार करें। चढूनी ने कहा कि हरियाणा में बीजेपी की सरकार है, अगर यहां वे आंदोलन कर रहे हैं तो उप्र के किसान ज्यादा बहादुर हैं। वे बोले, आंदोलन तब तक चलेगा जब तक जीत नहीं जाते, सरकार से बातचीत हो या न हो, यह अलग बात है। लेकिन मोर्चा लगाया हुआ है।
उन्होंने कहा कि सरकार सोच रही थी कि अगर लंबे समय तक बैठेंगे तो आंदोलन टूट जाएगा, लेकिन आंदोलन ओर बढ़ रहा है और सरकार टूट रही है। सरकार कमजोर पड़ रही है क्योंकि आंदोलन पूरे देश में फैल गया है। अब यह सरकार की मर्जी है कि आंदोलन कब तक चलवाना चाहती है। हम देश हित की बात कर रहे हैं। सरकार देश को बेचने की बात कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार विरोधी दिन मना रहे हैं। महात्मा बुद्ध ने भी गरीबों के लिए आवाज उठाई थी। उन्हें आज के ही दिन ज्ञान प्राप्त हुआ था। इस सरकार को भी सद्बुद्धि दे। चढूनी के जाने के बाद किसानों ने केंद्र सरकार के पुतले को आग के हवाले किया। इसी तरह जिला के कई गांवों में पुतले जलाए गए। रोष दिवस के मौके पर आम आदमी पार्टी की ओर से भी समर्थन दिया गया। इस मौके पर जिला प्रधान मलकीत सिंह, उपप्रधान गुलाब सिंह मानकपुर, जय सिंह जलबेहड़ा, अमरजीत सिंह, बलजिद्र सिंह, बजिद्र सिंह, महिला जिला प्रधान समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।